Kanpur: लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए करते थे प्रेरित, दो आरोपी गिरफ्तार, IB, ATS व मिलिट्री इंटेलिजेंस कर रही जांच

कानपुर में पुलिस ने धर्म परिवर्तन रैकेट का किया खुलासा।

Kanpur: लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए करते थे प्रेरित, दो आरोपी गिरफ्तार, IB, ATS व मिलिट्री इंटेलिजेंस कर रही जांच

कानपुर में पुलिस ने धर्म परिवर्तन रैकेट का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आईबी, एटीएस व मिलिट्री इंटेलिजेंस जांच कर रही। प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात सामने आई।

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर में धर्मांतरण का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि रविवार को इसी थाना क्षेत्र के शिव कटरा में एक और धर्म परिवर्तन का रैकेट चलने का खुलासा होने से हड़कंप मच गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शिव कटरा के एक फ्लैट में धर्मांतरण रैकेट चलाए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। मौके पर पुलिस पहुंची और मामला संदिग्ध पाया तो तुरंत आला अफसरों को सूचना दी। इसके बाद जांच पड़ताल में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। 

जानकारी के मुताबिक शिवकटरा में एक किराए के फ्लैट में धर्मांतरण का काम काफी समय से चल रहा था। आरोप है कि यहां पर लोगों को धर्म परिवर्तन कराकर ईसाई बनाया जाता है। इसके बदले में नौकरी, व्यापार, घर और शादी का लालच दिया जाता था। फ्लैट से धर्मांतरण का साहित्य, ब्रेन वॉश करने वाले वीडियो मिलने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आधा दर्जन संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। एटीएस और आईबी के अफसरों ने भी चकेरी थाने पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी।

चकेरी पुलिस के अनुसार विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष आनंद सिंह ने धर्मांतरण होने की जानकारी दी थी, इस पर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। फ्लैट में करीब 50 पुरुष, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। उनको टीवी में वीडियो दिखाकर ब्रेन वॉश किया जा रहा था। धर्मांतरण से संबंधित साहित्य भी उपलब्ध कराया गया था। जांच में सामने आया कि आठ से दस लोगों को हिन्दू धर्म छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। चकेरी थाना प्रभारी रतनेश सिंह की सूचना पर पहुंचे संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने मौके पर गहनता से जांच की। 

गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपने नाम घाऊखेड़ा कानपुर निवासी अभिजीत और रजत बताए हैं। रजत के पास कानपुर के पते का आधार कार्ड मिला। लेकिन वह खुद को कभी उत्तराखंड के देहरादून, तो कभी दिल्ली तो कभी अन्य जगह का निवासी बता रहा है। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार धर्मांतरण के बड़े रैकेट की जांच के लिए एटीएस, आईबी, मिलिट्री इंटेलिजेंस समेत अन्य जांच एजेंसियों के अफसरों ने चकेरी थानाक्षेत्र में डेरा डाला दिया है।

अफसरों का साफ कहना है कि यहां बड़े पैमाने पर धर्मांतरण का खेल चल रहा था। जेसीपी के अनुसार लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था। फ्लैट से बड़ी मात्रा में ताइवान की किताबें, सीडी, कंप्यूटर, लैपटॉप, एलईडी टीवी समेत अन्य सामान मिला है। वीडियो के जरिए लोगों को दिखाया जाता था कि पहले कैसे सामान्य जीवन जी रहे थे, लेकिन ईसाई धर्म अपनाने के बाद उनकी जिंदगी कैसे बदल गई। रहने के लिए मकान और नौकरी का प्रबंध हो गया। अगर शादी नहीं हो रही हो तो धर्मांतरण कराने वाले अच्छी लड़की से शादी  कराने का लालच भी देते थे। 

धर्म परिवर्तन कराने का बड़ा मामला सामने आया है। ताइवान की भाषा में कुछ चीजों के साथ काफी मात्रा में सामान की बरामदगी हुई है। प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। चार ऐसे लोग मिले हैं, जिन्होंने ईसाई धर्म ज्वाइन नहीं किया था। आरोपियों की कोई स्थानीय आय नहीं है। प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि यह एक संगठित कार्य है। किसी एनजीओ के सहयोग से उसे बढ़ावा दिया जा रहा है। आरोपियों को रिमांड पर लेकर और खुलासे किए जाएंगे।- आनंद प्रकाश तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त