मुरादाबाद: बरेली में मिले संप्रेक्षण गृह से भागे दोनों सगे भाई, आठ लोगों पर FIR
मुरादाबाद, अमृत विचार। रविवार शाम राजकीय किशोर संप्रेक्षण गृह से फरार हुए दोनों सगे भाइयों को पुलिस ने बरेली से पकड़ लिया। दोनों ट्रेन से बरेली पहुंच गए थे। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर दोनों को दोबारा से संप्रेक्षण गृह भेज दिया। इस मामले में प्रभारी अधीक्षक की तहरीर पर दोनों किशोर व दो केयर टेकर समेत आठ लोगों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के फकीरपुरा में स्थित राजकीय किशोर संप्रेक्षण गृह से रविवार शाम लगभग पांच बजे दो किशोर आरोपी नाली के रास्ते निकल कर भाग गए थे। इस मामले में किशोर संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी ने सिविल लाइंस थाने में दोनों किशोर, उनके केयर टेकर दीपक कुमार लांबा व रजनीश कुमार, सुरक्षा में लगे सिपाही कोशिंद्र कुमार और तीन होमगार्ड मुरली मनोहर, प्रदीप कुमार व ओमपाल सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद से पुलिस किशोरों की तलाश में शुरू की। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि दोनों किशोर संप्रेक्षण गृह से निकलने के बाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और ट्रेन में बैठकर बरेली निकल गए। इसका पता चलने के बाद पुलिस ने दोनों किशोरों को बरेली से बरामद कर लिया।
सिविल लाइंस थाने पर लाकर पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता चला कि दोनों अपने घर ही जा रहे थे। सीओ सिविल लाइंस डा. अनूप सिंह ने बताया कि दोनों किशोर को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद संप्रेक्षण गृह में दाखिल करा दिया है। जांच में जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद : शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समय से निस्तारण करें अधिकारी-जिलाधिकारी
