लखनऊ : मिलेट्स मेला में बताएंगे मोटे अनाज के फायदे

 28 व 29 मार्च को रिवरफ्रंट गोमती नगर में होगा भव्य आयोजन 

लखनऊ : मिलेट्स मेला में बताएंगे मोटे अनाज के फायदे

लखनऊ, अमृत विचार। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वर्ष 2023 को इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स घोषित किए जाने के संदर्भ में मिलेट्स मेला आयोजित किया जाएगा। जो जिले में 28 से 29 मार्च तक चलेगा। मेले में मोटे अनाज की उपयोगिता व फायदे लोगों को बताए जाएंगे। कार्यक्रम के भव्य तैयारी की जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने बैठक में अफसरों को दिए हैं।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की बैठक की। उन्होंने बताया कि 28 व 29 मार्च को मिलेट्स मेले का आयोजन जिले के रिवरफ्रंट गोमती नगर निकट समता मूलक चौराहा में किया जाएगा। जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनमानस में मिलेट्स यानी मोटे अनाज के उपोग को लोकप्रिय बनाने के साथ प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष ईट राइट मिलेट्स मेला के रूप में मनाया जाएगा। जिसमें ईट राईट इंडिया स्टॉल नामक पवेलियन में मिलेट्स की रेसिपी पर आधारित विशेष स्टॉल लगवाएं जाएं। मेला की शुरुआत 28 मार्च को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। साथ में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा रहेंगे। कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं भी प्रतिभाग करेंगे। 

मोटे अनाज के लगेंगे स्टॉल, प्रतियोगिता से करेंगे जागरूक

जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में कोदो, सावा, बजरी, ज्वार, बाजरा, रागी, कुट्टू आदि के विशेष स्टॉल लगेंगे। छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न तरह की प्रतियोगिताएं होंगी। जिसके माध्यम से लोगो में इन खाद्य पदार्थों की रेसिपी की जिज्ञासा पैदा होगी। छात्र-छात्राओं व विभिन्न होटल-रेस्टोरेंटो के बीच प्रश्नोत्तरी, पोस्टर, स्लोगन लेखन आदि प्रतियोगिताएं कराई जाए। 29 मार्च को योगा एरोबिक व जुम्बा आदि कार्यक्रम होंगे। सहायक आयुक्त को प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

मिलावट में 90 लाख अर्थदंड व तीन गिरफ्तार किए 

सहायक आयुक्त (खाद्य)- ग्रेड-2 ने जिलाधिकारी को मिलावट के खिलाफ हुई कार्रवाई की रिपोर्ट दी। बताया कि वित्तीय वर्ष में 850 स्थानों में छापेमार कर कुल 989 नमूने लिए गए। 566 वाद न्यायालय में दायर हुए। जिसमें 90 लाख रुपये अर्थदंड लगाया गया और तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। औषधि अनुभाग द्वारा फरवरी 2023 तक कुल 26 स्थानों पर छापेमार कर 325 नमूने संग्रहीत किए गए। जिसमें 76 लाइसेंस निलंबित व 246 निरस्त किए गए हैं। औषधि अनुभाग ने 54.50 लाख रुपये की औषधि सीज की है। 17 वाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दायर किए हैं। जिसमें 11 व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गई है।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : पेट्रोल पंप, आरएमसी प्लांट व ओयो होटल सील