Bareilly News: व्यापारी के घर से 50 लाख की चोरी, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर के नरकुलागंज में व्यापारी के घर से करीब पचास लाख की ज्वेलरी और नकदी चोरी हो गई। पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन उनके पास से सिर्फ दो लाख का माल ही बरामद हुआ। 48 लाख का सामान कहां गया, इसका खुलासा अब तक पुलिस और एसओजी नहीं कर सकी है।

नरकुलागंज निवासी कमल सोमानी मशीनरी पार्ट्स का व्यापार करते हैं। 26 अप्रैल को वह पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हाथरस गए थे। 27 अप्रैल को वापस आए तो देखा कि घर की सभी अलमारियों का ताले टूटे पड़े हैं। चोर घर में रखी 20 लाख रुपये की नकदी और करीब 30 लाख रुपये से अधिक के जेवर ले गए। शिकायत के बाद प्रेमनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। 

चोरी का खुलासा करने के लिए एसएसपी के निर्देश पर एसओजी को भी लगाया गया। एसओजी और प्रेमनगर पुलिस ने तीन चोरों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोर वसीम निवासी ईंट पजाया, जलालुद्दीन निवासी देवचरा और सुभाषनगर के मोहल्ला पुरवा का फरमान है। 

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक कार, एक बाइक, 1.19 लाख रुपये, 19 चांदी के सिक्के, एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, एक तमंचा, दो कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। इंस्पेक्टर प्रेमनगर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि पूछताछ में चोरों ने डेढ़ लाख रुपये की बात स्वीकार की है। व्यापारी कमल सोमानी ने तहरीर में बढ़ा चढ़ाकर रकम लिखाई है।

ये भी पढ़ें- रिवैम्प योजना: अभी सात उपकेंद्रों के प्रस्ताव पर मंजूरी का इंतजार

 

 

 

संबंधित समाचार