अरविंद केजरीवाल से कल जेल में नहीं मिल पाएंगी पत्नी सुनीता, जेल प्रशासन ने नहीं दी इजाजत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। तिहाड़ जेल प्रशासन ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को अपने पति से 29 अप्रैल को मिलने की अनुमति नहीं दी। आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को यह जानकारी दी। जेल प्रशासन ने इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। 

पार्टी ने कहा, ‘‘सुनीता केजरीवाल कल (सोमवार को) उनसे मिलने वाली थीं लेकिन तिहाड़ प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। जेल प्रशासन ने अनुमति नहीं देने की कोई वजह नहीं बतायी।’’ जेल नियमावली के मुताबिक एक समय पर दो व्यक्ति कैदी से मिल सकते हैं तथा हफ्ते में अधिकतम चार लोग कैदी से मिल सकते हैं। 

आप ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ मोदी सरकार के इशारे पर तिहाड़ जेल प्रशासन ने सुनीता केजरीवाल की अपने पति अरविंद केजरीवाल से होने वाली मुलाक़ात रद्द कर दी। मोदी सरकार अमानवीयता की सारी हदें पार कर रही है।’’ उसने लिखा, ‘‘एक निर्वाचित मुख्यमंत्री के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। मोदी सरकार देश की जनता को बताये कि आख़िर वह किस वजह से सुनीता केजरीवाल को अपने पति अरविंद केजरीवाल से मिलने नहीं दे रही है?’’ 

दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी का सोमवार को अरविंद केजरीवाल से मिलने का कार्यक्रम है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान मंगलवार को उनसे मिलेंगे। अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति से संबंधित धनशोधन मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। वह सात मई तक न्यायिक हिरासत में हैं। 

ये भी पढे़ं- पूर्व सीएम बिप्लब देब का दावा, इस चुनाव में नवीन पटनायक को 'भाजपा नहीं, पांडियन हराएंगे'

 

संबंधित समाचार