Unnao News : सीनियर वकील ने जूनियर पर चेंबर में बरसाए जूते, पिटाई का Video Viral
उन्नाव में सीनियर वकील ने जूनियर की पिटाई कर दी।
उन्नाव कचहरी परिसर में एक सीनियर वकील ने जूनियर की चेंबर में पिटाई कर दी। इस दौरान वहां मौजूद किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव कचहरी में एक सीनियर वकील ने अपने जूनियर से किसी बात पर नाराज होने के बाद जमकर जूते बरसाए। उसके चेंबर के बाहर बैठे किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर वाट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिया। हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम ऐसे किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, बार एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने वीडियो काफी पुराना बताते हुए इसमें कोई कार्रवाई न होने की बात कही है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसमें उन्नाव कचहरी में एक वकील के चेंबर में एक सीनियर अपने जूनियर की जूतों से पिटाई कर रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर चुटकियां ले रहे हैं। वाट्सएप से लेकर ट्विटर पर तेजी से वायरल हो रहा यह वीडियो लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि वीडियो करीब सात-आठ माह पुराना है। सदर कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि अभी उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है और ना ही उनके पास इसे लेकर कोई प्रार्थनापत्र आया है। यदि कोई शिकायत आती है तो जांच की जाएगी।
