बलिया जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को यूपी पुलिस ने हिरासत में लिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को मंगलवार को रायबरेली पुलिस ने हिरासत में ले लिया जब वह बदमाशों के हमले में मारे गये न्यूज चैनल के पत्रकार के परिजनों से मिलने लखनऊ से बलिया जा रहे थे। अजय कुमार लल्लू को रायबरेली में पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद वह पैदल …

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को मंगलवार को रायबरेली पुलिस ने हिरासत में ले लिया जब वह बदमाशों के हमले में मारे गये न्यूज चैनल के पत्रकार के परिजनों से मिलने लखनऊ से बलिया जा रहे थे। अजय कुमार लल्लू को रायबरेली में पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद वह पैदल ही यात्रा करने लगे।

इस दौरान पुलिस ने उनसे वापस जाने को कहा जबकि लल्लू का कहना था कि वह कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुये अपने निजी वाहन से सहयोगियों के साथ बलिया जा रहे हैं। बाद में पुलिस ने उन्हें सलोन में हिरासत में ले लिया।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सवाल किया कि उन्हें किस आरोप के तहत रोका जा रहा है। वह दिवंगत पत्रकार के परिजनों से संवेदना व्यक्त करने जा रहे हैं। कुछ देर तक बहस करने के बाद आखिरकार उन्हे पुलिस वाहन में बैठाकर अज्ञात स्थान की ओर भेज दिया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के काफिले में पार्टी के प्रदेश महासचिव मनोज यादव, किसान कांग्रेस अध्यक्ष तरुण पटेल, लखनऊ जिला अध्यक्ष वेद त्रिपाठी समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।

इससे पहले सुबह कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पत्रकार की हत्या को लेकर योगी सरकार पर तंज कसा था कि योगी सरकार की रफ्तार से दोगुनी स्पीड पर अपराधी अपने काम को अंजाम दे रहे हैं।

गौरतलब है कि बलिया फेफना कस्बा में एक न्यूज चैनल के संवाददाता रतन सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। पुलिस ने इस सिलसिले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिजनो से संवेदना व्यक्त करते हुये दस लाख की आर्थिक मदद का एलान किया है।

संबंधित समाचार