देश में कोरोना आंकड़ा 32.26 लाख के पार, रिकवरी दर 76 फीसदी
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात तक संक्रमण के 61 हजार से अधिक नये मामले सामने आने से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 32.26 लाख के पार हो गया। करीब 1020 और कोरोना मरीजों की मौत से मृतकाें की संख्या 60 हजार के …
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात तक संक्रमण के 61 हजार से अधिक नये मामले सामने आने से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 32.26 लाख के पार हो गया। करीब 1020 और कोरोना मरीजों की मौत से मृतकाें की संख्या 60 हजार के करीब पहुंच गयी। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर में भी लगातार सुधार हो रहा है और आज यह 76 फीसदी के पार पहुंच गयी।
महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात तक 61,564 नये मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 32,26,445 तथा मृतकों की संख्या 59,566 हो गयी है। चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नये मामलों में वृद्धि जारी है जिसके कारण सक्रिय मामलों में बढोतरी दर्ज की जा रही है।
मंगलवार को 1,866 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामले बढ़कर 7,06,234 रह गये। इस दौरान 56,946 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों का आंकड़ा 24,60,067 पर पहुंच गया जिससे स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 75.90 प्रतिशत से आज सुधरकर 76.24 फीसदी पर पहुंच गयी। मृत्यु दर भी घटकर 1.84 फीसदी रह जाने से भी राहत मिली है।
राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 10,425 नये मामले सामने आये। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 9927, कर्नाटक में 8161, तमिलनाडु में 5951, उत्तर प्रदेश में 5006, पश्चिम बंगाल में 2964, ओडिशा में 2752, केरल में 2375, दिल्ली में 1544, बिहार में 1444, मध्य प्रदेश में 1374, पंजाब में 1293,हरियाणा में 1148, छत्तीसगढ़ में 1145 और गुजरात में 1096 नये मामले सामने आये।
कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 10,425 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या आज रात बढ़कर सात लाख के पार 7,03,823 पहुंच गयी। राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गयी और इस दौरान 12,300 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या भी 5,14,790 पहुंच गयी है। राज्य में इस दौरान 329 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 22,794 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ 73.14 प्रतिशत पहुंच गयी जो सोमवार को 72.46 फीसदी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर कल के 3.23 प्रतिशत पर ही बनी रही। राहत की असली वजह यह है कि राज्य में आज सक्रिय मामलों में 2205 की कमी दर्ज की गयी। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,65,921 रही।
आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के 9,927 नये मामले दर्ज किये गये जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,71,639 हो गई है। इस दौरान 92 और लोगों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 3,460 पहुंच गया है। राज्य में अब तक 2,78,247 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुये हैं और वर्तमान में 89,932 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
कर्नाटक में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,83,665 पहुंच गयी है और मृतकों की संख्या बढ़कर 4,810 हो गई है। संक्रमण से मुक्ति पाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,97,625 हो गयी। सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज किये जाने के बीच इसका आंकड़ा 81,211 है।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में आज कोरोना वायरस के 5,006 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,97,388 हो गई है। राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 3,059 हो गई है। राज्य में 4,647 और संक्रमितों के स्वस्थ होने के बाद अब तक इस संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,44,754 हो गई है और वर्तमान में 49,575 सक्रिय मामले हैं।
दिल्ली में कोरोना वायरस के 1,544 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,64,071 हो गई। देश में दिल्ली का स्थान सर्वाधिक रिकवरी दर वाले राज्यों में है लेकिन चिंता की बात यह है कि इस दौरान रिकवरी दर में गिरावट के साथ मंगलवार को यह 90.04 प्रतिशत पर पहुंच गयी जो साेमवार को 90.19 फीसदी रही थी।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 1,155 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना वायरस को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,47,743 हो गई है। देश में दिल्ली का स्थान सर्वाधिक रिकवरी दर वाले राज्यों में है। राजधानी में कोराेना वायरस संक्रमण से आज 17 और मरीजों की जान चली गयी इसके साथ ही इस जानलेवा वायरस से अब तक 4,330 की मौत हो चुकी है।
देश में कोरोना मामले में सातवें स्थान पर कायम पश्चिम बंगाल में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,44,801 हो गयी है। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,909 हो गई है। इस बीच राज्य में रोगमुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,14,543 हो गयी है। वर्तमान में राज्य में 27,349 सक्रिय मामले हैं।
बिहार में कोरोना वायरस के 1,444 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,24,827 हो गई है। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 19,651 हो गयी है। राज्य में अब तक 644 लोगों की मौत हुई है और 1,04,531 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं।
तेलंगाना में कोरोना वायरस के 2579 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,08,670 हो गई है। राज्य में कोरोना के 23,737 सक्रिय मामले हैं और अब तक इस वायरस से 770 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 1,752 और संक्रमितों के स्वस्थ होने के बाद अब तक रोगमुक्त होने वाले लोगों की संख्या 84,163 हो गई है।
असम में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या बढ़कर 92,620 हो गई है। राज्य में अब तक इस वायरस से 252 लोगों की मौत हुई है और 73,091 संक्रमित स्वस्थ हुये हैं। राज्य में वर्तमान में 19,274 सक्रिय मामले हैं। गुजरात में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 14,653 हो गए हैं तथा 2,928 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 71,360 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।
कोरोना महामारी से अब तक मध्यप्रदेश में 1265, पंजाब में 1178, राजस्थान में 973, जम्मू-कश्मीर में 638, हरियाणा में 623, ओडिशा में 481, झारखंड में 335, केरल में 245, उत्तराखंड में 208, छत्तीसगढ़ में 206, पुड्डुचेरी में 172, गोवा में 157, त्रिपुरा में 79, चंडीगढ़ में 40, अंडमान निकाेबार द्वीप समूह में 35, हिमाचल प्रदेश में 28, मणिपुर में 24, लद्दाख में 23, नागालैंड में आठ, मेघालय में आठ, अरुणाचल प्रदेश में पांच, सिक्किम में तीन तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों की मौत हुई है।
