फतेहपुर: करंट की चपेट में आने से राजगीर की मौत, महिला झुलसी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खागा, फतेहपुर/ अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के बुदवन गांव में भवन निर्माण के दौरान शनिवार सुबह राजगीर की करंट लगने से मौत हो गई। जबकि राजगीर को बचाने पहुंची महिला गंभीर रूप से झुलस गई। जिसे स्वजन ने सीएचसी में भर्ती कराया। बुदवन गांव निवासी 55 वर्षीय शिवचंद्र प्रजापति राजगीर थे। गांव की रहने वाली विधवा पार्वती पत्नी स्व. ओमप्रकाश सिंह को कुछ दिनों पहले ही प्रधानमंत्री आवास मिला था।

 आवास पर सुबह राजगीर तथा अन्य मजदूर प्लास्टर कर रहे थे। राजगीर ने प्लास्टर के दौरान बगल से गुजरी 440 वोल्ट लाइन को ध्यान नहीं दिया। जिसकी वजह से उसका हाथ खुली केबल में छू गया। राजगीर करंट की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर  गृहस्वामिनी उसे बचाने के लिए दौड़ी तो वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। हादसे में राजगीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला को स्वजन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खागा में भर्ती कराया है। 

ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस हादसे की जांच कर रही है। बाहर रहकर कमाई कर रहे दिवंगत के बेटे को हादसे की जानकारी दी गई है। उसके गांव आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार चतुर्वेदी का कहना था स्वजन की तहरीर पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: कल आनी है बारात, खोद डाला लड़की वालों के घर जाने का रास्ता, चिंता में डूबा परिवार

संबंधित समाचार