लखनऊ : ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर क्लीनिक कर्मी ने दी थी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कार्यालय संवाददाता, लखनऊ, अमृत विचार : गुडंबा के कल्याणपुर स्थित क्लीनिक में कर्मचारी के खुदकुशी के मामले में पुलिस ने डॉक्टर, प्रेमिका समेत पांच के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि ब्लैकमेलिंग से आजिज होकर कर्मचारी ने जान दी थी। इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि कॉल डिटेल, चैट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

मड़ियांव के नौबस्ता निवासी करूणा देवी ने बताया कि बेटा सूरज अवस्थी (21) कल्याणपुर में डा. विवेक श्रीवास्तव की क्लिनिक में काम करता था। 30 नवंबर को उसका शव क्लीनिक में फंदे से लटका मिला था। परिजन साजिश बताते हुए गंभीर आरोप लगाए। करुणा ने बताया कि साजिश के तहत सूरज की मुलाकात खुशी से कराई गई। दोनों में प्रेम और शारीरिक संबंध हुए। सूरज को शादी के लिए धमकाया गया।

इंकार पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी गई थी। शादी न करने के एवज में 10 लाख रुपये व जेवर की मांग की गई। पीड़ित मां ने बताया कि बेटे ने कई बार यह बात उन्हें बतायी थी। बदनामी के डर से सूरज गुमसुम रहता था। इसी वजह से उसने जान दे दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर डॉक्टर विवेक श्रीवास्तव, खुशी मिश्रा, उसके पिता संजय मिश्रा, गीता मिश्रा और एक अन्य पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें : UP BJP President : पंकज चौधरी बने UP भाजपा के नए अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया ऐलान

संबंधित समाचार