कन्नौज में बड़ा बवाल, रोडवेज की टक्कर से युवक की मौत - भीड़ ने बस में लगाई आग  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर घंटों किया हंगामा

अमृत विचार, गुरसहायगंज/ कन्नौज। तेज गति से जा रही रायबरेली डिपो की रोडवेज बस के चालक ने घर के बाहर खडे़ युवक के जोरदार टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।  घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रोडवेज बस पर पथराव कर आग लगा दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया और अभद्रता की। पुलिस ने क्षतिग्रस्त रोडवेज बस को मौके से हटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

क्षेत्र के ग्राम सराय दौलत में शनिवार की देर रात लगभग 10.30 बजे कानपुर से छिबरामऊ की ओर जा रही रायबरेली डिपो की बस के चालक ने ओवर ब्रिज के पहले घर के बाहर खडे़ महेन्द्र सिंह कुशवाहा के पुत्र ओमजीत कुशवाहा उर्फ रीशू (22) के टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक का शव देख परिजना में चीख पुकार मच गई। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। आक्रोशित लोगों ने पथराव कर रोडवेज बस को क्षतिग्रस्त कर दिया और आग लगा दी। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम की कार को भी पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया और पुलिस कर्मियों से अभद्रता की। परिजनों व स्थानीय लोगों ने शव को उठने नहीं दिया और घंटों हंगामा काटा। इससे काफी देर तक आवागमन अवरुद्ध रहा। 

11 (30)

सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक डाॅ. अरविंद कुमार, कोतवाल जयप्रकाश शर्मा, उपनिरीक्षक राकेश पटेल ने परिजनों को समझाबुझाकर शांत कराया और क्रेन की मदद से बस को मौके से हटवाया। इसके बाद विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई नीशू कुशवाहा की तहरीर पर बस के अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सराय प्रयाग चौकी प्रभारी राकेश पटेल ने शुरू कर दी है। 

पीछे से आई बस पर भी पथराव
ग्राम सरायदौलत में रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत होने के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया। रायबरेली डिपो की रोडवेज बस के परिचालक रायबरेली निवासी पकज मिश्रा ने बताया कि गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर आग लगा दी। पीछे से आ रही आगरा फोर्ट डिपो की बस के परिचालक फिरोजाबाद निवासी अमित कुमार ने बताया कि लोगों ने उसकी बस पर भी पथराव किया। बस क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची 112 कार भी पथराव में क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय रायबरेली डिपो की रोडवेज बस पर 48 सवारियां बैठी थी। उन्हे दूसरी बस से भेजा गया। जबकि आगरा फोर्ट पर 02 सवारियां बैठी थी। परिचालकों ने बताया कि घटना की जानकारी आरएम लखनऊ मनेाज कुमार दी गई है।

ये भी पढ़ें - लखनऊ : हज यात्रियों की गाड़ी में ट्रेलर ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत

संबंधित समाचार