बरेली: यात्रियों के कीमती सामान पर चोरों की नजर, जंक्शन जीआरपी पर 40 दिन में चोरी और लूट के 15 मामले हुए दर्ज
बरेली, अमृत विचार। गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेन का सफर मुश्किल हो रहा है। ट्रेन में खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही है। दूसरी तरफ चोर-लुटेरे भी यात्रियों को परेशान कर रहे हैं। 1 मई से 12 जून तक 43 दिनों में बरेली जीआरपी थाना में चोरी और लूट के 15 मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें से आधा दर्जन घटनाएं बरेली जंक्शन के आसपास ट्रेनों या स्टेशनों में हुईं।
जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक बरेली जंक्शन जीआरपी थाने में 1 मई से अब तक पांच मामले दूसरे थानों से ट्रांसफर होकर बरेली आये, जबकि पांच मामले बरेली जंक्शन से दर्ज कर दूसरे थानों को भेजे गये। वहीं जंक्शन पर पांच मुकदमे दर्ज किये गए। जबकि चोरी और लूट के मामलों में छह अपराधियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भी भेजा गया।
केस-1
यात्री को घायल कर लूटा
10 जून की देर रात कासगंज-बरेली सिटी पैजेंजर ट्रेन से उतरने के दौरान बिहार के रहने वाले मोहम्मद शाहिद पर दो बदमाशों ने धारदार वस्तु से हमला बोल दिया। उनसे नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गये।
केस-2
सोते समय बैग से चोरी हुए गहने
27 मई को पुरबिया एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अपने परिवार के साथ सफर कर रहे दिल्ली निवासी संजीव कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि रात को सोते वक्त ट्रेन के अंदर उनके बैग से पत्नी के गहने किसी ने चोरी कर लिए थे।
केस-3
पाटलीपुत्र एक्सप्रेस में चोरी की घटना
चंडीगढ़ निवासी आदित्यकांत त्रिपाठी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 1 जून को चंडीगढ़ से आरा जाने के लिए परिवार के साथ पाटलीपुत्र एक्सप्रेस के एसी कोच में सवार हुए थे। रात में गहनों से भरा उनकी पत्नी का पर्स चोरी हो गया।
केस-4
बुजुर्ग महिला का बैग काटकर गहने चोरी
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में 14 मई को सफर के दौरान ट्रेन के एसी कोच में बुजुर्ग महिला के बैग से 25 हजार की नकदी और गहने चोरी हो गये। महिला नई दिल्ली से बनारस जा रहीं थीं।
इन ट्रेनों में चलता जंक्शन जीआरपी का स्टाफ
14207 पद्ममावत एक्सप्रेस, 14208 पद्मावत एक्सप्रेस, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 15909 अवध असम एक्सप्रेस, 14206 अयोध्या कैंट एक्सप्रेस, 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 13152 जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस, 12369 कुंभ एक्सप्रेस, 12370 कुंभ एक्सप्रेस, 14007 सद्भावना एक्सप्रेस, 14008 सद्भावना एक्सप्रेस, 14311 आला हजरत एक्सप्रेस, 14312 आला हजरत एक्सप्रेस,14322 भुज-बरेली एक्सप्रेस, 14323 बरेली-भुज एक्सप्रेस , 15119 देहरादून जनता एक्सप्रेस, 15120 बनारस जनता एक्सप्रेस, 12229 लखनऊ मेल, 12231 चंडीगढ़ सुपरफास्ट, 12327 उपासना एक्सप्रेस, 12328 उपासना एक्सप्रेस, 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस, 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस, 04303 बरेली दिल्ली पैसेंजर, 04304 दिल्ली बरेली पैसेंजर, 04377 अलीगढ़ बरेली पैसेंजर और 04378 बरेली अलीगढ़ पैसेंजर में जंक्शन जीआरपी स्टाफ चलता है।
ट्रेनों के अंदर मुस्तैदी बढ़ाई गई है। चोरी और लूट के मामले दर्ज कर अपराधियों को भी पकड़ा जा रहा है। - अजीत प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक, जीआरपी थाना बरेली जंक्शन
ये भी पढे़ं- बरेली: नौकरी जाएगी आउटसोर्सिंग स्टाफ की... झेलेंगे मरीज भी
