बरेली: वनखंडीनाथ मंदिर मार्ग पर कर्मचारियों ने डाल दिये रोड़े, लोग हो रहे चोटिल

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

रविवार को कर्मचारी मार्ग पर कच्ची ईंटों के बड़े-बड़े रोड़े डालकर चले गए, सबसे ज्यादा दिक्कत शाम को अंधेरा होने पर हुई

बरेली, अमृत विचार : सावन में नाथ मंदिरों की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वनखंडीनाथ मंदिर मार्ग को नगर निगम ने दुरुस्त कराना शुरू कर दिया है। रविवार को कर्मचारी मार्ग पर कच्ची ईंटों के बड़े-बड़े रोड़े डाल दिए, इससे यहां बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत रात में हो रही है। बिजली जाने के बाद अंधेरे में कई लाेग रोड़ों की वजह से गिर गए।

ये भी पढ़ें - बरेली: अपात्रों के खातों में भेजी 22. 86 लाख की रकम, ब्लाक मिशन प्रबंधक पर एफआईआर

सावन मास में नाथ मंदिरों के आसपास व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम अग्रसर है। पिछली बार हुए कार्य से कुछ हद तक राहत है लेकिन कुछ मंदिर मार्ग दुरुस्त होने बाकी हैं। नाथ नगरी कॉरिडोर में आने के बाद निगम इन मार्गाें को दुरुस्त कराने के बजाए इन्हें गड्ढा मुक्त कर रहा है। रविवार को इंजीनियरिंग विभाग के अफसरों ने वनखंडी नाथ मंदिर मार्ग को देखा और यहां पर सड़क के गड्ढे भरने की कार्रवाई शुरू कर दी।

दोपहर में एक ट्राली ईंटों के बड़े रोड़े गड्ढों में डालकर उन्हें व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया लेकिन ईंटों के अव्यवस्थित होने से राहगीरों के लिए दिक्कतें खड़ी कर दी हैं। बाइक सवार असंतुलित होकर गिर रहे हैं, तो ई रिक्शा सवारी उतार कर आगे बढ़ रही हैं। शाम को ट्राली में ईंटें लाए कर्मचारी ने बताया कि काम की शुरुआत हुई है। बारिश की वजह से जल्दी में गड्ढेदार सड़क को थोड़ा ही व्यवस्थित किया जा सका है।

जिस तरह ईंटे लगी हैं इन्हें पूरी तरह व्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम इस मार्ग को चलने लायक और गड्ढामुक्त बनाकर कांवड़ियों के लिए इस मार्ग को व्यवस्थित करेगा। भाजपा नेता प्रत्येष पांडेय ने वनखंडी नाथ रोड के गड्ढे पाटने के लिए डाले गए मलबे से लोगों के चोटिल होने पर मेयर से शिकायत की। साथ ही नगर आयुक्त को फोन कर इसे दुरुस्त कराने की मांग की।

भाजपा नेता का कहना है कि इस तरह से मलबा डालकर अधिकारी आमजन की दिक्कतें और बढ़ा रहे हैं। वहीं मढ़ीनाथ की पार्षद चित्रा मिश्रा ने बताया कि मढ़ीनाथ से शांति विहार वाले मार्ग पर जलभराव को रोकने के लिए यहां के अतिक्रमण को हटाकर नाले की सफाई जरूरी है।

ये भी पढ़ें - बरेली: आप कार्यालय का सांसद संजय सिंह ने किया उद्घाटन

संबंधित समाचार