गोंडा में सड़क हादसा : वाहन टक्कर से टैंपो में बैठी गर्भवती महिला की मौत, चार घायल
गोंडा, अमृत विचार: देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर जाट के पास मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक गर्भवती महिला समेत चार लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब 9 बजे टेम्पो और अज्ञात वाहन की आमने-सामने की टक्कर में हुआ।
जानकारी के अनुसार, कुंवरपुर अमरहा के सिकिहा गांव निवासी अर्जुन अपनी पत्नी सविता को डिलीवरी के लिए जिला महिला अस्पताल लेकर गए थे। उनके साथ गांव की मीरा देवी पत्नी रामगोपाल और आशा बहू पुष्पा सिंह भी मौजूद थीं। अस्पताल से वापस लौटते समय बालपुर जाट के पास उनका टेम्पो हादसे का शिकार हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार गर्भवती सविता, अर्जुन, मीरा देवी व परसा महेशी के रहने वाले देवी दयाल तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मीरा का दाहिना हाथ पूरी तरह कट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद अर्जुन व सविता को छुट्टी दे दी गयी जबकि मीरा देवी की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने टेंपो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
