हरियाणा: पूर्व विधायक, चेयरमैन और पूर्व चेयरमैन नगरपालिका समेत अनेक नेता कांग्रेस में शामिल
चंडीगढ़। हरियाणा में तीन पूर्व विधायक, एक नगरपालिका और एक पूर्व नगरपालिका चेयरमैन, लगभग 12 पार्षद और पूर्व पार्षदों समेत अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं आज यहां कांग्रेस का दामन थामा।
ये भी पढ़ें - झारखंड: तबरेज अंसारी लिंचिंग मामला, सभी दोषियों को 10 साल की सजा
यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हु्ड्डा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा), जननायक जनता पार्टी(जजपा), इंडियन नेशनल लोकदल(इनेलो) और बहुजन समाज पार्टी(बसपा) के ये नेता कांग्रेस में शामिल हुये।
हुड्डा और उदयभान ने इन नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुये उन्हें पूरा सम्मान सुनिश्चित करने का भरोसा दिया और कहा कि इनके आने से प्रदेश में पार्टी को और मजबूती मिलेगी। इन नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी लोकसभा चुनावों के साथ होने की सम्भावना है। ऐसे में हरियाणा सरकार के कार्यकाल के अब मात्र आठ माह ही शेष रह गये हैं।
इन नेताओं ने दावा किया कि भाजपा और जजपा के अनेकों नेता उनके सम्पर्क में हैं और कभी भी काँग्रेस में शामिल हो सकते हैं। इनका कहना था कि काँग्रेस चुनावी जंग में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि गत 8-9 महीने में विभिन्न दलों के 26 पूर्व विधायक और सैंकड़ों पार्टी पदाधिकारी, हज़ारों कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस में शामिल हाे चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या सत्ताधारी भाजपा और जजपा छोड़कर आने वालों की है।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से भिवानी (बाढ़रा) से पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर सिंह छिल्लर (इनेलो), गुहला चीका, कैथल से पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य फूल सिंह खेड़ी, भिवानी (बाढ़रा) से पूर्व विधायक नृपेंद्र सिंह (भाजपा), जजपा के
राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष फरीदाबाद ठाकुर राजा राम सिंह, भाजपा के जुलाना नगर पालिका चेयरमैन जसबीर, नरवाना से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिला सचिव जींद सुमन बेदी, नगरपालिका बरवाला के पूर्व चेयरमैन हेमराज गुडाली तथा अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।
ये भी पढ़ें - अमरनाथ यात्रा : स्थानीय मुसलमानों ने रखा कश्मीरियत और भाईचारे की भावना को जिंदा
