रायबरेली : 4 करोड़ खर्च, फिर भी अंडरपास से नहीं मिली राहत

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, रायबरेली ।  4 करोड़ की धनराशि खर्च होने के बाद भी रेलवे अंडरपास की सहूलियत से क्षेत्र को लोग महरूम हैं। हाल यह है कि बारिश के समय अंडरपास पानी से लबालब रहता है तो वहीं अन्य महीनों में इतना पानी होता है कि वह हादसों का कारण बनता है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित सफर के लिए 10 किमी का चक्कर लगाना पड़ता है।

एक दशक पहले रायबरेली-ऊंचाहार रेलवे लाइन पर एकोना रेलवे अंडरपास का निर्माण हुआ था। तब क्षेत्रवासियों को आस जगी थी उन्हें रायबरेली आने-जाने के लिए अतिरिक्त दस किलोमीटर चक्कर लगाने से छुटकारा मिल जाएगा वहीं रेल दुर्घटना से भी राहत मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हकीकत यह है कि हर मौसम में अंडरपास में पानी भरा रहता है जबकि बारिश के दौरान तो यह अंडरपास स्वीमिंग पूल सरीखा हो जाता है। जिस कारण इससे निकलना मुश्किल हो जाता है।

एक तरह से बारिश दिनों में अंडरपास से आवागमन बंद रहता है वहीं अन्य मौसम में हादसे होते हैं जिससे लोग कम ही अंडरपास से निकलते हैं। क्षेत्रीय लोग समस्या के संबंध में कई बार प्रशासन और शासन में अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं लेकिन नतीजा सिफर ही निकला। प्रधान के पिता महिपाल वर्मा का कहना है कि इस अंडरपास से लोगों को फायदा नहीं हुआ है।

हर मौसम में यहां पानी भरा रहता है। जल्दी में ही कुछ पानी निकाला गया है। लेकिन अभी भी पानी भरा हुआ है। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्ञानू सिंह का कहना है कि अंडरपास में हमेशा पानी भरा रहता है। अंडर पास का निर्माण लोगों को राहत देने के लिए था लेकिन यह लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।

ये भी पढ़ें - रायबरेली : बिजली गिरने से किशोर समेत तीन की मौत, तीन झुलसे

संबंधित समाचार