बाराबंकी : जांच के बहाने इश्क लड़ाने वाला दरोगा लाइन हाजिर, सीओ की जांच में सही मिली शिकायत
बाराबंकी, अमृत विचार। घरेलू विवाद की जांच के बहाने महिला से एकतरफा मोहब्बत में डूबे रामनगर थाने के दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया। परिजनों के विरोध पर दरोगा ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी थी। जांच पूरी कर सीओ ने एसपी को रिपोर्ट सौंप दी। प्रारंभिक जांच की बिना पर यह कार्रवाई की गई।
बताते चलें कि रामनगर थाना क्षेत्र के कुम्हरावां निवासी अरुण कुमार ने एसपी को बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व पत्नी से हुए विवाद की शिकायत पर एसआई अखिलेश यादव उनके घर जांच के लिए आए थे। आरोप है कि इसी दौरान दरोगा ने पत्नी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे फोन पर बातचीत शुरू की, जो बाद में कथित तौर पर प्रेम प्रसंग में बदल गई।
पीड़ित का कहना है कि कई बार दरोगा जबरन उसकी पत्नी को कार में बैठाकर ले गया। एक बार वह घर में पत्नी के अकेले होने पर भी पहुंचा और दोनों आपत्तिजनक स्थिति में देखे गए। परिवार द्वारा दरोगा के घर आने-जाने पर रोक लगाने से नाराज होकर 28 जनवरी को दरोगा घर पहुंचा, गाली-गलौज की और पूरे परिवार को डकैती के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
मामले में बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद महकमे में हलचल मच गई। हालांकि, एसआई अखिलेश यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताया। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच सीओ रामनगर गरिमा पंत कर रही थीं। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। विभागीय जांच जारी है।
