Bareilly : बरेली को महिला मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की सौगात, डेयरी सेक्टर के विकास को मिलेगी रफ्तार
बरेली, अमृत विचार। भाजपा सरकार ने महिलाओं को समृद्ध बनाने के लिए बरेली के लिए महिला सामर्थ्य योजना के अंतर्गत मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की सौगात दी है। कंपनी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में महिलाओं को समृद्ध बनाने का कार्य करेगी। इसके साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जो महिलाएं दुग्ध उत्पादन का कार्य करती हैं, उन्हें दूध बेचने के लिए एक और मंच मिलने के साथ दाम भी ज्यादा मिलेंगे। इससे दुग्ध संग्रहण और विपणन (मार्केटिंग) के कार्य में कंप्टीशन बढ़ेगा। इसका लाभ महिलाओं को मिलेगा। यह कंपनी दूध क्रय कर मदर डेयरी को बेचती है।
योगी सरकार के बजट में महिला सामर्थ्य योजना के अंतर्गत प्रदेश में पांच जिलों में मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों के गठन का प्रावधान किया गया है। इनमें जनपद गोरखपुर, बरेली और रायबरेली में कंपनी का गठन करके दुग्ध संग्रहण एवं विपणन का कार्य प्रारंभ हो गया है। इससे माना जा रहा है कि कंपनी जल्द बरेली में अपना स्ट्रक्चर स्थापित करेगी। बरेली दुग्ध सहकारी संघ के अधिकारियों ने बताया कि अभी बरेली सहित बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जनपद में दुग्ध संग्रहण का कार्य संघ कर रहा है।
प्रतिदिन करीब 65 हजार दूध मंडल से एकत्र कर पराग को दिया जा रहा है, लेकिन मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के आने के बाद कंप्टीशन बढ़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए साधन बनेंगे और जो महिलाओं को दुग्ध उत्पादन के लिए बढ़ावा मिलेगा। यह कंपनी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में खूब निवेश करती है। बताते हैं कि यदि कंपनी ने बरेली में 50 हजार लीटर की क्षमता का प्लांट लगाया तो करीब 50 से 55 करोड़ रुपये का निवेश होगा।
योजना के तहत गांव-गांव महिलाओं के छोटे-छोटे समूह बनाकर दूध संग्रहण किया जाएगा। परियोजना से जनपद के हजारों पशुपालकों, ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर खुलेंगे, इसके साथ जिले का डेयरी सेक्टर आत्मनिर्भर बनेगा। इधर, बरेली दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के प्रधान प्रबंधक मनीष सिंह का कहना है कि बजट में मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी बरेली में स्थापित होने की बात सुनी है, जब तक लिखित रूप से कोई पत्र नहीं मिल जाता तब तक इस मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकते हैं। अभी हमारा संघ प्रतिदिन बरेली मंडल से 65 हजार दूध एकत्र कर रहा है।
