शहर के विकास का सवाल  : बरेली में एम्स और मेट्रो शुरू कराने की मांग विधानसभा में उठायी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। भाजपा के कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बुधवार को विधानसभा में बरेली के कई प्रमुख मुद्दे जोर-शोर से उठाए। संजीव अग्रवाल ने विधानसभा में बरेली से कई उड़ानों को शुरू करने के साथ मेट्रो रेल सेवा शुरू कराने की मांग रखी।

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने विधानसभा में कहा कि नाथ नगरी के रूप में बरेली को नाथ कॉरिडोर की सौगात मिली है। धार्मिक पहचान को भव्य स्वरूप मिला है। बरेली को मेडिकल, एजुकेशन और ट्रेडिंग हब बताते हुए यहां एम्स की स्थापना की मांग की, ताकि बरेली मंडल, आसपास के मंडलों और कुमायूं क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। 

साथ ही जरी, बांस-बेत, फर्नीचर और प्लाई उद्योग से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन एवं संरक्षण देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने ऐतिहासिक बरेली कॉलेज को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग दोहराई। सुभाष नगर अंडरपास के शीघ्र शुभारंभ की बात कहते हुए मढ़ीनाथ क्षेत्र में भी अंडरपास निर्माण की आवश्यकता बताई। 

एयरपोर्ट से सीमित उड़ानों को बढ़ाते हुए जयपुर-अहमदाबाद, लखनऊ-कोलकाता, बरेली-लखनऊ-वाराणसी, बेंगलुरू-चेन्नई-तिरुपति के लिए उड़ानें प्रारंभ करने की मांग की।चारधाम यात्रा के लिए सिविल एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की मांग की। बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए बरेली में मेट्रो रेल सेवा शुरू करने, बदायूं रोड पर नए बस अड्डे के निर्माण की मांग की।

लोकतंत्र सेनानियों के लिए सम्मान राशि एवं सुविधाओं में वृद्धि की मांग
विधायक संजीव अग्रवाल ने विधानसभा में नियम 301 के तहत लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि एवं सुविधाओं में वृद्धि की मांग उठाई। जिसे अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानी सम्मान के हकदार हैं। वर्तमान में अधिकांश सेनानी वृद्धावस्था व स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं, इसलिए उनकी सम्मान राशि बढ़ाई जानी चाहिए। आश्रितों को स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के समान चिकित्सा व सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं प्रदान करने की मांग भी की।

 

संबंधित समाचार