अयोध्या: रामनगरी में गूंजा हर-हर महादेव, सावन के पहले सोमवार को सरयू स्नान के बाद भक्तों ने की शिव की आराधना
अयोध्या/अमृत विचार। सावन के पहले सोमवार को अयोध्या पहुंचे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भोर से ही सरयू नदी में स्नान के बाद शिवालयों का रुख किया। राम की पैड़ी तट स्थित प्राचीन नागेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
क्षीरेश्वर नाथ, हनुमान गढ़ी, राम जन्मभूमि में भी दर्शन करने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। पहले सोमवार पर आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर जिला प्रशासन के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त दुरुस्त रही। सरयू घाट व नागेश्वरनाथ मंदिर पर पर्याप्त सुरक्षा बलों के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे।
सावन माह में पड़ने वाला सोमवार बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। इसको लेकर सभी प्राचीन शिव मंदिर में भगवान का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक सहित पूजन अर्चन करते हैं। अयोध्या में कई पौराणिक शिव मंदिर है, जिसमें से एक नागेश्वरनाथ मंदिर अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक है। ऐसी मान्यता है कि इस मंदिर की स्थापना भगवान श्री राम के पुत्र कुश ने कराई थी। कहा जाता है कि इस स्थान पर भगवान के दर्शन मात्र से भक्तों की सभी मनोकामना पूर्ण होती है।
अयोध्या पहुंची महिला श्रद्धालु कलावती देवी ने कहा कि आज बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर बहुत ही आनंद आया। आज हमारा भाग्य रहा कि दर्शन मिला है। आज हमने अपने परिवार, बच्चों के साथ देश की सुरक्षा और अखंडता बनी रही यही कामना की है।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह 4 बजे से ही भक्त दर्शन के लिए मंदिर में पहुंच रहे हैं और सभी लोग बड़े ही आराम से दर्शन पा रहे हैं। चारों तरफ सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। सीसीटीवी कैमरे हैं। उनके द्वारा निगरानी रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें:-Sawan Somwar 2023: श्रावण के पहले सोमवार को शिवमय हुई संगमनगरी, चौतरफा बोल बम की गूंज
