मुरादाबाद : तेजी से बढ़ रहा रामगंगा नदी का जलस्तर, लोगों को सता रहा बाढ़ का डर
गागन नदी का जलस्तर 189.20 मीटर और रामगंगा नदी का 189.79 मीटर रहा, तिगरी में गंगा खतरे के निशान से 1.90 मीटर दूर
मुरादाबाद, अमृत विचार। बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदियों के उफान पर होने से इसके आसपास रहने वाले लोगों को बाढ़ का खतरा सताने लगा है। मंगलवार को मुरादाबाद में गागन का जलस्तर 189.20 मीटर रहा, जबकि रामगंगा नदी का कालागढ़ में जलस्तर 335.68 मीटर पर रिकार्ड किया गया। यहां 100 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। कटघर में रामगंगा का जलस्तर 189.79 मीटर दर्ज किया गया। वहीं तिगरी में गंगा खतरे के निशान से सिर्फ 1.90 मीटर की दूरी पर है। यहां पर गंगा का जलस्तर 200.10 मीटर दर्ज किया गया।
कई दिनों से उत्तराखंड के पहाड़ों के साथ जिले में भी हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। एक तरफ जहां मंगलवार को हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया। वहीं मुरादाबाद में भी रामगंगा उफान पर है। कालागढ़ में रामंगगा का जलस्तर बढ़ा रहा। यहां 100 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। इससे इन नदियों के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सुबह आठ बजे रामगंगा का जलस्तर 189.74 मीटर रहा। जबकि दोपहर में 2 बजे यह बढ़कर 189.79 मीटर दर्ज किया गया।
बिजनौर बैराज से गंगा में एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिससे गंगा नदी का जलस्तर बढ़कर 200.10 मीटर हो गया। जबकि यहां गंगा नदी में खतरे का निशान 202.00 मीटर है। बृजघाट में 198.10 मीटर पर गंगा का जलस्तर है। बाढ़ खंड के कंट्रोल रूम के नंबर 0591-2435397 से मिली जानकारी के अनुसार नदियों का जलस्तर बढ़त पर है। इसकी निगरानी की जा रही है। इसकी जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी जा रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : छात्र की कैंसर पीड़ित मां के इलाज को प्रधानाध्यापक ने की मदद, अन्य शिक्षकों ने भी बढ़ाया हाथ
