Kanpur Crime: कार सवारों ने किशोरी को बैठाया, सुनसान जंगल में ले जाकर लूटी आबरू, पीड़िता ने रो-रोकर सुनाई आपबीती
कानपुर में किशोरी के साथ कार में गैंगरेप।
कानपुर में सहेलियों के साथ टहलने के लिए ईको पार्क जा रही किशोरियों का कार सवारों ने बैठा लिया। इसके बाद सुनसान जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों ने किशोरी समेत उसकी दो और सहेलियों को कार में बैठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद आरोपियों ने सहेलियों को उतारकर गाड़ी भगा ली। इसके बाद सुनसान में ले जाकर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कल्याणपुर के अंबेडकरपुरम की रहने वाली किशोरी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 14 जुलाई को वह अपनी सहेलियों के साथ इको पार्क जा रही थी। तभी दोपहर दो बजे करीब रास्ते मे दो लड़के नवाब होटल के पास वैन में बैठे थे। उसने बताया कि दोनों युवकों ने वैन मे बैठने को उन लोगों से कहा तो तीनों वैन मे बैठ गईं। उसने बताया कि वैन में बैठे एक शख्स का नाम अभिषेक था।
जिसे वह उसकी दुकान में आने-जाने से पहले से जानती थी। वहीं दूसरे का नाम आर्यन था। दोनों ने उन लोगों को थोडी दूर ले जाकर दोनो सहेलियों को वैन से नीचे उतार दिया। इस दौरान वह उतरने लगी, लेकिन उन लोगों ने जबरदस्ती करके उतरने नहीं दिया। गंभीर आरोप लगाया है कि वैन में बैठाकर मेमोरियल पब्लिक स्कूल के तरफ से अर्मापुर स्टेट के अन्दर सुनसान जगह पर ले जाकर दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पीड़िता के अनुसार शाम चार बजे नवाब होटल पर छोडकर दोनों भाग निकले। वह जैसे तैसे अपने घर पहुंची और सारी वारदात की जानकारी अपनी मां और भाई को दी।
बताया कि मां और चाचा आरोपी अभिषेक के घर गए तो उसने चाचा के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक और आर्यन निवासी अज्ञात के खिलाफ में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कल्याणपुर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
