रुद्रपुर: 1.69 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
एसटीएफ, एसओजी और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई
बाइक से करता था सप्लाई, पूछताछ में मिले सुराग
रुद्रपुर, अमृत विचार। एसटीएफ, एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 1.69 किलो अफीम भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
सोमवार को सीओ सदर अनुषा बडोला और सीओ एसटीएफ सुमित पांडे ने बताया कि 16 जुलाई की शाम को एसटीएफ, एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ब्लॉक रोड सखी स्टॉप सेंटर मोड़ पर चेकिंग कर रही थी।
रामपुर रोड की तरफ से आ रहा एक बाइक सवार अचानक पुलिस को देख बाइक मोड़ कर भागने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर आंवला बरेली निवासी रूम सिंह को दबोच लिया और उसके कब्जे से 1.69 किलोग्राम अफीम बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरेली सहित आसपास के इलाकों से अफीम को इकठ्ठा करता है और बाइक के जरिए ही बार्डर पार कर अफीम की खेप लाकर सप्लाई करता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया है।
