बहराइच : सेवानिवृत्त फौजी ने फावड़े से बहन के काट डाले हाथ
बहराइच, अमृत विचार। जिले के धरसवा लोनियनपुरवा गांव निवासी सेवानिवृत्त आर्मी का जवान अपनी मां की पिटाई करने लगा। बचाने दौड़े बहन की हाथों को फावड़े से काट डाला। हाथ कटकर लटक गया है। उसका गंभीर हालत में जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभी परिवार की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम पंचायत धरसवा के मजरा लोनियन पुरवा निवासी हरिचरण पुत्र बाउर सेवानिवृत्त आर्मी का जवान है। सेवानिवृत्ति के बाद हरिचरण को रेलवे में नौकरी मिल गई, लेकिन इस समय वह निलंबित चल रहा है। पिता बाऊर ने बताया कि बेटा हरिचरण मां की पिटाई सोमवार को पारिवारिक विवाद में करने लगा। इस पर बेटी राधा पत्नी बैजू बचाने दौड़ी। नाराज सेवानिवृत्त जवान ने फावड़े से बहन के हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। आरोपी भाई ने बहन के दोनों हाथ को फावड़े से काट डाला।
पिता पर भी हमला किया। इसके बाद वह फरार हो गया। घायल राधा देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के डॉक्टर अंकित त्रिपाठी ने बताया कि दोनों हाथ लटक रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मालूम हो कि राधा देवी का विवाह हो चुका है। लेकिन ससुराल में विवाद के चलते वह मायके में ही रह रही है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें : प्रतापगढ़ : देवस्थान के पास दारोगा कर रहा था लघुशंका, निलंबित
