हल्द्वानी: नलेना से चोपड़ा तक सड़क निर्माण को 230 लाख मंजूर

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

क्षेत्रवासियों ने जताया सीएम धामी व विधायक भगत का आभार

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत लोनिवि को हस्तांतरित बहुप्रतीक्षित नलेना से चोपड़ा तक सड़क निर्माण के लिए शासन ने 230.50 लाख की धनराशि अवमुक्त की है। क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी व विधायक बंशीधर भगत का आभार जताया है।

बता दें कि नलेना से चोपड़ा गांव तक की सड़क विगत कई वर्षों से खस्ता हाल है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीण जान जोखिम में डाल कर सफर करने को मजबूर हैं। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री महेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में कई बार ग्रामीणों ने विधायक भगत से सड़क निर्माण कराने को कहा। जिस पर भगत ने ग्रामीणों की परेशानी देखते हुए प्रकरण को मुख्यमंत्री के सामने रखा। लम्बे समय से लंबित चल रही सड़क निर्माण के लिए शासन ने धनराशि अवमुक्त की है। जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

विधायक भगत ने बताया कि नलेना से चोपड़ा तक की लगभग 7.750 किलोमीटर की सड़क निर्माण के लिए चोपड़ा एवं आस-पास के ग्रामीण कई बार मांग कर चुके थे। लम्बी प्रतीक्षा के बाद शासन ने दो करोड़ तीस लाख पचास हजार रुपये सड़क निर्माण के लिए अवमुक्त किये हैं। अब लोक निर्माण विभाग जल्द से जल्द सड़क निर्माण के शिलान्यास की तिथि की घोषणा कर क्षेत्रवसियों को राहत प्रदान कर अतिशीघ्र सड़क निर्माण करेगा।

 
कार्यकर्ताओं ने किया वृहद पौधारोपण

भाजपा बिठोरिया मंडल के कार्यकर्ताओं ने वासुदेवपुरम में वृहद पौधारोपण किया। कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत मौजूद रहे। इसके बाद मंडल अध्यक्ष सुरेश गौड़ की अध्यक्षता में महिलाओं ने चिल्ड्रन पार्क में फलदार पौधे लगाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भगत ने कहा पर्यवरण संरक्षण करना हमारी संस्कृति है। हरेला पर्व पर्यावरण का संरक्षण करने की संस्कृति को प्रदर्शित करता है। इस दौरान जिला महामंत्री नवीन भट्ट, संयोजक लाखन निगल्टिया, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा अलका जीना, विनोद मेहरा, दीपक सनवाल, दीपक बिष्ट , प्रकाश पटवाल, सरदार नरेंद्र सिंह , कंचन उप्रेती मौजूद रहे।