ED ने धन शोधन मामले की जांच के तहत छत्तीसगढ़ में मारे छापे 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के एक मामले में जांच के तहत छत्तीसगढ़ में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के कुछ अधिकारियों और एक कांग्रेस नेता के परिसरों पर शुक्रवार को छापेमारी की।

आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आईएएस अधिकारी रानू साहू, कुछ अन्य नौकरशाह और कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के नेता एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली जा रही है।

रायपुर में आईएएस अधिकारी साहू और अग्रवाल तथा कोरबा में कोरबा नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडे के आवास के बाहर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल के कर्मी नजर आए। सूत्रों ने बताया कि संघीय एजेंसी द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी किस मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है, यह स्पष्ट नहीं है लेकिन सूत्रों ने कहा कि यह कथित चावल घोटाले से जुड़ी हो सकती है।

एजेंसी राज्य में कथित कोयला लेवी और शराब घोटाले की भी जांच कर रही है, जिसमें उसने नेताओं और उनसे जुड़े लोगों के अलावा आईएएस अधिकारियों सहित कुछ प्रमुख नौकरशाहों को गिरफ्तार किया है। उच्चतम न्यायालय ने 18 जुलाई को ईडी से कहा था कि वह छत्तीसगढ़ में 2,000 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले की जांच में हर तरह से संयम बनाए रखे।