मुरादाबाद : 30 लाख की सुपारी देकर कराई भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या, पुलिस ने किया घटना का खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हत्याकांड में शामिल अनिकेत और नीरजपाल गिरफ्तार, तीनों शूटर फरार

मुरादाबाद,अमृत विचार। चुनावी रंजिश में भाजपा नेता अनुज चौधरी की हत्या 30 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों से कराई गई थी। हत्याकांड के सूत्रधार प्रभाकर चौधरी पुलिस पकड़ से दूर है। भाजपा नेता की हत्या में शामिल प्रभाकर के बेटे अनिकेत और नीरजपाल को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। हालांकि अनुज के हत्यारे तीनों शूटर अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश देकर शूटर और प्रभाकर चौधरी व अन्य की तलाश कर रही है।

सिविल लाइंस थाने में हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि अनुज चौधरी की हत्या मामले में अमरोहा में डिडौली थाना क्षेत्र के सलामतपुर निवासी संदीप सिंह की तहरीर पर संभल जनपद के ऐचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र में भवालपुर निवासी अमित कुमार, पुष्पेंद्र और गांव हाजीबेड़ा निवासी प्रभाकर और उनके पुत्र अनिकेत समेत कई अज्ञात के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया था। जिस संबंध में मझोला पुलिस ने अनिकेत और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रेलवे कॉलोनी निवासी नीरजपाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी अनिकेत व नीरज पाल ने बताया कि मोहित चौधरी व अनुज चौधरी दोनों ही आस-पास के गांव के रहने वाले थे।

मोहित की दोस्ती नीरजपाल से थी व मोहित चौधरी का भाई अमित चौधरी केजीके कॉलेज में कार्यरत था। नीरज पाल व मोहित केजीके कालेज की जिम में वेट लिफ्टिंग, क्रिकेट व कबड्डी खेलते थे। वर्ष 2015-16 में छात्रसंघ का चुनाव मोहित चौधरी लड़ने की तैयारी कर रहा था, इसी दौरान दीपक चौहान की मोहित चौधरी द्वारा अपने साथियों के साथ हत्या की गई थी। वर्ष 2020 में मोहित चौधरी व अनुज चौधरी दोनों ही लोग जिला पंचायत चुनाव एक ही क्षेत्र से लड़ने की तैयारी कर रहे थे तथा एक दूसरे के विरुद्ध चुनाव न लड़ने के लिए एक-दूसरे से कह रहे थे। जिस कारण इनकी आपस में रंजिश शुरू हो गई।

 

इसी क्रम में चुनावी रंजिश को लेकर एक कार्यक्रम से लौटते समय अमरोहा जनपद के अतरासी थाना रजबपुर क्षेत्र में मोहित चौधरी पर हमला किया गया था, जिसमें मोहित चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसमें थाना रजबपुर में मुकदमा पंजीकृत हुआ था, जिसमें मृतक अनुज चौधरी का नाम प्रकाश में आया था।

वर्ष 2021 में प्रभाकर चौधरी की पत्नी संतोष असमोली ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ी थीं। मृतक अनुज चौधरी इस चुनाव में हार गए थे। अमित चौधरी, नीरजपाल व उसके साथी पुष्पेन्द्र उर्फ भूरा ने प्रभाकर चौधरी का चुनाव में पूर्ण सहयोग किया था। हार के बाद मृतक अनुज चौधरी लगातार अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए प्रयत्नशील थे। जिसमें अविश्वास प्रस्ताव वर्ष 2022 में शासनादेश के कारण नहीं हो सका था, अब अगस्त 2023 में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अमित चौधरी, अनिकेत चौधरी, प्रभाकर चौधरी, पुष्पेन्द्र उर्फ भूरा व नीरजपाल ने मिलकर घटना को अंजाम दे डाला।

ऐसे योजना बनाकर कराई हत्या
अनुज को मारने के लिए 30 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी। नीरजपाल व अमित चौधरी द्वारा तीन शूटर सूर्यकांत शर्मा निवासी ब्रह्मपुरी जयंतीपुर थाना मझोला व सुशील शर्मा उर्फ गोलू शर्मा ब्रह्मपुरी जयंतीपुर थाना मझोला तथा आकाश उर्फ गटवा निवासी मोहल्ला भदौड़ा कब्रिस्तान के पास थाना कटघर को अनुज की हत्या की सुपारी दी गई। करीब एक माह पूर्व नीरजपाल व अमित चौधरी द्वारा पार्श्वनाथ प्रतिभा अपार्टमेन्ट में शूटरों को रहने व अनुज चौधरी की दिनचर्या की रेकी करने के लिए फ्लैट भी दिलाया गया।  हत्यारोपियों के पास से पुलिस ने दो तमंचा 315 बोर, कारतूस, दो मोबाइल बरामद किए हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत, दो घायल

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज