शक्तिफार्म: रेबीज की आशंका के बीच 124 लोगों का टीकाकरण किया

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

शक्तिफार्म, अमृत विचार। रेबीज के कारण मरी गाय के दूध से बने प्रसाद को ग्रहण करने वाले लोगों को रेबीज होने की आशंका के चलते सभी का टीकाकरण किया गया। जिसमें अब तक कुल 124 लोगों ने रेबीज होने की आशंका के बीच खुद को वैक्सीनेट करवाया। 

 दरअसल, कुछ माह पूर्व ग्रामसभा अरविंद नगर निवासी रविंद्र विश्वास की गाय को कुत्ते ने काट लिया था। जिसके बाद से गाय बीमार रहने लगी। गाय की तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे पशु चिकित्साधिकारी को दिखाया गया। चिकित्सक ने गाय के लक्षण को देख रेबीज होने की आशंका जतायी। गत शनिवार को गांव दो घरों में हुई पूजा में उक्त गाय के दूध से प्रसाद बनाया गया था। जिसे सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया।

इधर, चिकित्सक के रेबिज होने की आशंका जताए जाने के बाद बुधवार की दोपहर को गाय की मौत हो गयी। जिससे गांव में प्रसाद ग्रहण करने वालों में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान पति पंकज बसु ने तत्काल इसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक को दी। चिकित्सक ने प्रसाद खाने वाले सभी लोगों को रेबीज के इंजेक्शन लगाने की सलाह दी। जिसके बाद गुरुवार तक कुल 124 लोगों ने रेबीज का इंजेक्शन लगवाया। 

वहीं ग्राम प्रधान पति पंकज बसु ने कहा कि एहतियातन जिन लोगों ने भी गाय के दूध से बना प्रसाद ग्रहण किया है। उन्हें जागरुक कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर रेबीज के इंजेक्शन लगाए जाने के लिए अपील की जा रही है।

ग्राम प्रधान द्वारा सूचित किए जाने के बाद गाय की जांच की गई तो उसमें रेबीज के लक्षण दिखाई दिए। गाय की मौत हो गई है।

- डॉ मालिनी पंत, पशु चिकित्साधिकारी शक्तिफार्म

संबंधित समाचार