शाहजहांपुर: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाली भारत जोड़ो यात्रा

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

बोले कांग्रेसी-भाजपा सत्ता से होगी बाहर, देश में फिर से होगी नई सरकार

शाहजहांपुर, अमृत विचार। भारत जोड़ो यात्रा की वर्षगांठ पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता व महानगर अध्यक्ष पवन सिंह के संयुक्त नेतृव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली, जो शहीदों और बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमापर माल्यार्पण करने के साथ ही शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए पार्टी कार्यालय पर आकर समाप्त हुई। इस दौरान सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेसियों ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का होगा। वर्ष 2024 में देश में बदलाव होगा। भाजपा सत्ता से बाहर होगी, देश में फिर से नई सरकार होगी।

कांग्रेस कार्यकर्ता बृहस्पतिवार सुबह टाउन हाल स्थित पार्टी कार्यालय राजीव भवन पर इकट्ठा हुए। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय के बाहर लगीं शहीदों की प्रतिमाओं पर पहुंचे और यहां सभी शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के बाद स्टेट बैंक के सामने से होते हुए सदर सदर की ओर चल दिए।

कार्यकर्ता सदर बाजार थाने के सामने से होते हुए बहादुरगंज होकर घंटाघर पहुंचे, जहां बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर फूल माला चढ़ाए। इसके बाद मल्हार रोड से उस्मान बाग चौकी के सामने से इमली चौराहा होकर निशात रोड से वापस वापस पार्टी कार्यालय पर भारत जोड़ों यात्रा का समापन किया गया। समापन से पहले पार्टी पर एक सभा का आयोजन किया गया।

जिसमें पार्टी जिलाध्यश रजनीश गुप्ता ने कहा कि भारत भी हमारा है, इंडिया भी हमारा है और हिंदुस्तान भी हमारा है। मैं भाजपा वालों से पूछना चाहता हूं कि तुम बताओ तुम्हारा क्या हैं? उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के नेता राहुल गांधी लगातार देश के संविधान को बचाने के लिए लड़ रहे हैं, हम सबको मिलकर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा। महानगर अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का होगा।

वर्ष 2024 में होने वाले चुनाव में देश में बदलाव होगा और भाजपा सत्ता से बाहर होगी, तब फिर देश में नई सरकार होगी। इस मौके पर एआईसीसी सदस्य अश्फाक उल्ला खान, पीसीसी सदस्य धर्मेंद्र दीक्षित, तनवीर सफदर, केवी मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, गायत्री प्रकाश अवस्थी, प्रमोद मिश्र सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: मेडिकल कॉलेज में 330 बेड के स्थान पर हो गए 530 बेड, मलेरिया-डेंगू के बढ़ रहे मरीज 

संबंधित समाचार