मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों की दौड़ से कांग्रेस बाहर, ‘जन आक्रोश’ झेल रही है पार्टी: सीएम शिवराज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इंदौर। मध्य प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को राज्य में नवंबर में होने वाले संभावित विधानसभा चुनावों की दौड़ से बाहर बताते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस केवल जनता का आक्रोश झेल रही है। चौहान ने इंदौर में भाजपा की "जन आशीर्वाद यात्रा" के प्रवेश के बाद एक न्यूज एजेंसी से कहा, "(आगामी विधानसभा चुनावों की) दौड़ में कांग्रेस कहीं नहीं है। वह केवल जनता का आक्रोश झेल रही है।’’ 

कांग्रेस ने प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मतदाताओं तक पहुंचने के लिए मंगलवार (19 सितंबर) से ‘जन आक्रोश यात्रा’ की शुरुआत की, जबकि भाजपा ने तीन सितंबर से ‘जन आशीर्वाद’ यात्रा का आगाज किया था। भाजपा के बाद कांग्रेस की चुनावी यात्रा के शंखनाद पर मुख्यमंत्री ने कहा,"वे (कांग्रेस) कई ऐसी चीजें करते हैं जो हम पहले ही कर चुके होते हैं, लेकिन उनका इरादा महज वोट हासिल करना होता है, जबकि हम जनता की सेवा का काम करते हैं।’’ 

चौहान ने कांग्रेस की ‘जन आक्रोश’ यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता कांग्रेस का असली चेहरा जानती है। "जन आशीर्वाद यात्रा" के रथ पर सवार मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सूबे में सत्तारूढ़ भाजपा 230 सीटों पर होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड सीटें जीतेगी। इससे पहले, इंदौर के हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान चौहान ने आरोप लगाया कि कमलनाथ की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने भाजपा के राज में शुरू की गईं अलग-अलग जनहितैषी योजनाएं बंद कर दी थीं। 

उन्होंने तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के नेताओं द्वारा सनातन धर्म के खिलाफ दिए गए बयानों पर कहा कि ऐसे कथन मध्यप्रदेश सहन नहीं करेगा। यह पूछे जाने पर कि मध्यप्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जा रहे नेताओं को लेकर वह क्या कहेंगे, मुख्यमंत्री ने संक्षिप्त जवाब में कहा, "कुछ नहीं कहेंगे।’’

ये भी पढे़ं- महिला आरक्षण विधेयक पर विपक्ष के आरोपों पर अनुप्रिया पटेल ने कहा- हर फैसला चुनाव देखकर नहीं किया जाता

 

संबंधित समाचार