लखनऊ : सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी का मिला शव, हत्या की आशंका - पुलिस कर रही जांच-पड़ताल
लखनऊ, अमृत विचार। पीजीआई थानाक्षेत्र अन्तर्गत वृन्दावन कालोनी के कासा ग्रीन अपार्टमेंट के समीप शुक्रवार रात सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी सत्येन्द्र कुमार (45) का शव पुलिस ने लावारिस हालत में बरामद किया था। शनिवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शिनाख्त की। परिजनों के मुताबिक, मृतक के बांये हाथ की कलाई पर ब्लेड का निशाना देखा गया। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की पुष्टि अधिक खून बहने से हुई है। विसरा प्रिजर्व किया गया है। हालांकि, पुलिस कई बिन्दुओं पर गहनता से पड़ताल कर रही है।
मूलरूप से इटावा जनपद के बकेवर निवासी सत्येन्द्र (45) वृंदावन कॉलोनी के कैलाश इंक्लेव में रहते थे। बेटे सक्षम ने बताया कि वर्ष 2021 में पिता एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हुए थे। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह घर से बाहर टहलने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे। चिन्तित परिजन खोजबीन करने लगे, मगर वहीं भी सुराग नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पीजीआई थाने में लिखित शिकायत दी। कुछ ही घंटे बाद पुलिस को कासा ग्रीन अपार्टमेंट के समीप झाड़ियों में अज्ञात का शव मिलने सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचा दिया।
जानकारी मिलने पर बेटे ने शव की शिनाख्त पिता सत्येंद्र के रुप में की। इसके बाद बेटे की पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की। बेटे ने बताया कि पिता की बांए हाथ की कलाई पर ब्लेड से कट का निशाना था। प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कई बिन्दुओं पर गहनता से तफ्तीश कर रही है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : शहर में डेंगू के 19 नए मरीज मिले, छह को नोटिस
