छत्तीसगढ़: भूस्खलन से कोरापुट-विशाखापटनम मार्ग पर रेलमार्ग बाधित, कई ट्रेनें रद्द

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दंतेवाडा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के कोरापुट-विशाखापटनम मार्ग पर भूस्खलन से रेलमार्ग बाधित हो गया। इसके चलते विशाखापटनम से किरंदुल और जगदलपुर के बीच चलने वाली ट्रेनें कोरापुट में ही फंसी हुयी हैं। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कल देर रात मनबर और जरटी स्टेशन के बीच यह हादसा हुआ। रेलमार्ग पर पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा आकर गिरने से ट्रैक और ओएचई केबल को काफी नुकसान पहुंचा है। 

हादसे के बाद मालगाड़ियां और यात्री ट्रेनें बाधित हैं। रेलवे ने मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। इसके चलते राउरकेला से जगदलपुर आने वाली एक्सप्रेस, विशाखापत्तनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस कोरापुट में रद्द कर दी गयी है। जगदलपुर से आज सुबह पांच बजे हावड़ा के लिए रवाना हुई समलेश्वरी एक्सप्रेस जयपुर से वापस जगदलपुर लौट रही है। किरंदुल पैसेंजर को दंतेवाड़ा से जयपुर के बीच चलाया जाएगा। रेल अधिकारियों ने बताया है की लाइन क्लियर होने में दिन भर का समय लग सकता है। 

ये भी पढ़ें- ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पुरस्कार