Banda News: बेंदाघाट-यमुना पुल पर दो माह तक प्रतिबंधित रहेंगे सभी वाहन, पुल पर होगा मरम्मत कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में बेंदाघाट-यमुना पुल पर दो माह तक प्रतिबंधित रहेंगे सभी वाहन।

बांदा में बेंदाघाट-यमुना पुल पर दो माह तक सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। बांदा-टांडा हाईवे से लखनऊ व कानपुर नहीं जा सकेंगे। 26 नवंबर तक यमुना नदी पुल पर मरम्मत कार्य होगा।

बांदा, अमृत विचार। राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने बेंदाघाट यमुना पुल पर छोटे-बड़े वाहनों के गुजरने पर दो माह के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। 26 नवंबर के बाद ही यहां से वाहनों का आवागमन चालू होगा। बांदा-टांडा नेशनल हाईवे पर बेंदाघाट यमुना नदी पुल से होकर गुजरने वाले वाहनों को बांदा-चिल्ला मार्ग और फतेहपुर-औगासी मार्ग से गुजरना होगा।

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण रायबरेली यूनिट परियोजना निदेशक ने अवगत कराया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-232 (रायबरेली-बांदा खंड) में जनपद फतेहपुर व बांदा के बीच स्थित बेंदाघाट यमुना पुल की मरम्मत का कार्य कराया जाना है। इसके लिए उन्होंने तीन माह का समय मांगा है।

डीएम के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 के एक्सईएन ने एसडीएम बबेरू व सीओ सहित पांच सदस्यीय टीम के साथ जांच कर डीएम को आख्या दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने जनहित में मरम्मत के लिए यमुना पुल पर सभी तरह के वाहनों के आवागमन पर दो माह के लिए प्रतिबंध लगा दिया।

बताया कि इस दौरान बेंदाघाट स्थित यमुना पुल से गुजरने वाले सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन 27 सितंबर से 26 नवंबर तक पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों का आवागमन बाधित होने की स्थिति में लखनऊ जाने वाले वाहन बांदा से चिल्ला, बहुआ व फतेहपुर से होते हुए लखनऊ अथवा बांदा से तिंदवारी-बबेरू औगासी पुल होते हुए लखनऊ जाएंगे।

जबकि कानपुर को जाने वाले वाहन बांदा से चिल्ला-जोनिहा बिंदकी-चैडगरा होते हुए कानपुर और बांदा से पपरेंदा जसपुरा-सुमेरपुर व हमीरपुर होते हुए कानपुर जाएंगे। उन्होंने परियोजना निदेशक से इस अवधि में पुल की मरम्मत कार्य पूरा कराने को कहा है।

 

 

 

संबंधित समाचार