Banda: प्लीज भाई साहब एक मिनट के लिए अपना हेलमेट दे दो… पंप संचालकों ने पेट्रोल देने से किया मना, जानें- क्यों

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं के आदेश का दिखा असर।

बांदा में हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं के आदेश का असर दिखा। पेट्रोल पंप संचालकों ने अपने हाथ खड़े किए। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी पेट्रोलपंपों को हिदायत दी।

बांदा, अमृत विचार। ...प्लीज भाई साहब एक मिनट के लिए अपना हेलमेट दे दो, मैं तुरंत बाइक में पेट्रोल भरवाकर वापस करता हूं। शहर समेत जिले भर के पेट्रोलपंपों में ऐसे ही नजारे देखने को मिले। दरअसल जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने सभी पेट्रोलपंपों को हिदायत दी है कि यदि कोई बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए है तो उसे पेट्रोल कतई न दिया जाए।

जिलाधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेश का अनुपालन मंगलवार से ही शुरू हो गया था। आज शहर के पीलीकोठी स्थित पेट्रोलपंप में फ्यूलमैनो ने जब बगैर हेलमेट के बाइकसवारों को पेट्रोल देने से इंकार कर दिया तो तमाम लोग खफा हो गए। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह चंदेल, सुधीर सिंह, संतोष ढंढारिया आदि ने ग्राहकों को समझा बुझाकर शांत किया।

कुछ लोगों ने जहां इस अभियान को सराहनीय बताया वहीं कुछ लोगों ने कहा कि प्रशासन मनमानी कर रहा है। कई पेट्रोलपंपों में तो कर्मचारियों और ग्राहकों से विवाद भी हुआ। वहीं तमाम लोगों ने ईंधन के खातिर दूसरों से उधार हेलमेट मांगने में कोई संकोच नहीं दिखाया। दरअसल जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को जारी निर्देश में कहा है कि यदि किसी भी पंप डीलर ने बिना हेलमेट के पेट्रोल दिया तो उसका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।

जिसके चलते पंपों में भी सख्ती की जा रही है। पहला दिन होने की वजह से बहुत से ऐसे बाइकसवार दिखे जिन्हे पेट्रोल के अभाव में काफी दूर तक वाहन भी घसीटना पड़ा। किसी तरह आरजू मिन्नत कर जब दूसरे से हेलमेट मांगा तब उन्हे पेट्रोल नसीब हो सका। यही फामूर्ला अगर चलता रहा तो वह दिन दूर नहीं जब बिना हेलमेट के बाइकसवार घर से निकलेगा ही नहीं। जागरूक लोगों ने जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना की है।

संबंधित समाचार