रायबरेली में कोरोना की दस्तक से स्वास्थ्य महकमा अलर्ट, एक साल बाद मिले दो केस
रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दे दी है। दो लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया है जिन्हें घर पर ही क्वारंटीन किया गया है। वहीं सीएमओ ने अलर्ट जारी कर जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी और पीएचसी पर कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए है।
अब सीएचसी-पीएचसी और जिला अस्पताल में बुखार पीड़ित मरीजों की कोरोना जांच की जाएगी। जिले में एक बार फिर कोरोना के मामले मिले हैं। आशा बहू समेत दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों संक्रमितों को घरों में क्वारंटीन कराया गया है। बताते हैं कि जिले में एक साल बाद कोरोना के केस मिले हैं।
जगतपुर क्षेत्र के ग्राम मनोहरगंज निवासी आशा बहू मोहिनी और क्षेत्र के पूरे झाम सिंह मजरे गोकुलपुर रोजइया निवासी भूपेंद्र की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गत नौ अक्टूबर को कोरोना की एंटीजन जांच की गई थी। जांच में लोग नेगेटिव पाए गए लेकिन लक्षण प्रतीत होने के कारण चिकित्सक ने सैंपल को आरटीपीसीआर जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा था।
जिसकी रिपोर्ट में दोनों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जगतपुर सीएससी अधीक्षक डॉ. प्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों संक्रमितों को घर में ही क्वारंटीन कराया गया है। उन्हें दवा उपलब्ध करा दी गई है। सीएमओ ने बताया कि दोनों संक्रमितों के घर सोमवार को टीम भेजकर परिवार के सदस्यों की जांच कराई जाएगी।
कोरोना केश मिलने के बाद सीएमओ ने अलर्ट जारी कर दिया है। अब जिला अस्पताल और सीएचसी तथा पीएचसी पर बुखार वाले मरीजों की कोरोना जांच होगी। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जगतपुर में कोरोना के दो केस मिलने के बाद सभी सीएचसी अधीक्षकों को सतर्क किया गया है। दोनों संक्रमितों के घर टीम भेजकर परिवार के अन्य लोगों की जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें:-देवरिया नरसंहार कांड: पीड़ितों से मिले अखिलेश यादव, मृतकों को दी श्रद्धांजलि, घर का नजारा देख रह गए दंग
