Hamirpur: बाइक सवार फैक्ट्री कर्मी के कुचला... ट्रक ने पांच किमी तक घसीटा, मौत, पुलिस चौकी के पास पड़ी मिली बाइक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में बाइक सवार फैक्ट्री कर्मी के कुचलने के बाद ट्रक ने पांच किमी शव घसीटा।

हमीरपुर में बाइक सवार फैक्ट्री कर्मी के कुचलने के बाद ट्रक ने पांच किमी तक शव को घसीटा। हादसे में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ कार्रवाई शुरू की।

हमीरपुर, अमृत विचार। सुमेरपुर में सोमवार रात एक फैक्ट्री में रात की शिफ्ट में ड्यूटी करने जा रहे बाइक सवार कर्मी को ट्रक ने औद्योगिक एरिया में शिवरतन पैलेस के सामने रौंद दिया। जिससे वह बाइक समेत ट्रक में फंस गया। उसकी बाइक पुलिस चौकी के पास पड़ी मिली।

जबकि उसका शव करीब पांच किमी दूर सीमेंट फैक्ट्री के आगे इंगोहटा तिराहा के पास ट्रक से गिरा। इससे उसका शव क्षतविक्षत हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

सोमवार रात शिफ्ट में कस्बे के ऊंछाथोक निवासी  शशिकांत यादव (26) पुत्र राजकिशोर उर्फ बाबाजी बाइक से एक फैक्ट्री में ड्यूटी करने जा रहा था। तभी रात करीब 11 बजे कानपुर सागर टूलेन हाईवे पर शिवरतन पैलेस के सामने पीछे से आ रहा ट्रक उसे रौंदता हुआ निकला। जिससे वह बाइक समेत ट्रक में ही फंस गया। करीब 500 मीटर दूर फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी के पास उसकी बाइक ट्रक से निकल कर बाहर गिरी।

वहीं ट्रक उसे करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता ले गया और  सीमेंट फैक्ट्री के आगे इंगोहटा तिराहा के पास ब्रेकर पर उसका शव ट्रक से अलग हो सका। जिससे उसका शव बुरी तरह से क्षतविक्षत हो गया। घटना की सूचना मिलने पर फैक्र्टी एरिया पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा व थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज शव की तलाश में करीब ढाई घंटे हलाकान रहे। रात करीब डेढ़ बजे शव पुलिस से मिल सका।

पुलिस ने शव के पास से मिले आधार कार्ड, परिचय पत्र व मोबाइल आदि से शिनाख्त रात करीब ढाई बजे परिजनों को कराई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी कल्पना व एक इकलौते पांच वर्षीय पुत्र को रोता बिलखता छोड़ गया है। मृतक दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर का था।

 

संबंधित समाचार