मुरादाबाद : फर्म में सोए चौकीदार की गला काटकर हत्या, परिजनों में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव शिमलाठेर में निर्माणाधीन फर्म में सो रहे चौकीदार की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। इस दौरान बदमाशों ने फायर भी किया। बाद में हत्यारोपी ईंटों पर शव रखकर उसे चादर ढक गए। घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

गांव शिमलाठेर में करन सिंह (45) का परिवार रहता है। करन की पत्नी बृजेश देवी ने बताया कि हाशा नगला जाने वाले चक मार्ग स्थित निर्माणाधीन फर्म में उसका पति चौकीदारी था। वह दिन में एक स्कूल की वैन भी चलाता था। चार माह से वह ड्यूटी कर रहा था। 22 अक्टूबर की रात आठ बजे वह फर्म में ड्यूटी करने गया था। रात ढाई बजे बदमाशों ने लाठी-डंडों से पीटकर और चाकू से गर्दन काटकर करन की हत्या कर दी। इस दौरान शोर शराबा हुआ तो गांव के नन्हे, तेजपाल और दौलत सिंह ने फायर की आवाज सुनी। आसपास के लोगों ने फर्म में देखा तो करन की मौत हो चुकी थी। 

बताया कि निर्माणाधीन फर्म गेट के बराबर में जनरेटर पर बनाई गई छत पर करन सिंह चारपाई पर सोया हुआ था। वहां बाहर की ओर से दीवार के पास रखी ईंटों पर सीढ़ी घटनास्थल से मिली है। दावा है कि उससे चढ़कर बदमाश करन के पास पहुंचे होंगे। ग्रामीणों के अनुसार, धारदार हथियार से कर के गले पर वार किए गए। उसका शव चारपाई से हटाकर ईंटों पर चादर से ढका मिला। मृतक के परिवार में दो बेटे राजू पाल और जगदीश और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, बताया गया कि कुछ दिन पहले उसका पड़ोसी गांव के युवकों से झगड़ा हुआ था। इसमें पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ भी की थी। साथ ही पुलिस प्रेम प्रसंग के नजरिये से भी जांच कर रही है।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: रोडवेज प्रबंधन के दावे खोखले, बसों की टूटी खिड़कियां यात्रियों की बढ़ा रहीं परेशानी

संबंधित समाचार