पीलीभीत: हिरासत में लिए गए युवक की मौत, परिजन बोले पुलिस ने पीटकर ली जान.. मचा कोहराम
पीलीभीत/बीसलपुर। पत्नी की ओर से की गई शिकायत के बाद बरखेड़ा पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए ग्रामीण बिलसंडा थाना क्षेत्र के पहाड़गंज गांव निवासी 40 वर्षीय बशीर खां उर्फ पहलवान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
परिजन का आरोप है कि पुलिस के द्वारा की गई मारपीट से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। सपा नेता नफीस अहमद अंसारी ने परिवार से मुलाकात की। उधर सुरक्षा के लिहाज से कई थानों की पुलिस मोर्चरी के बाहर तैनात कर दी गई है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के पहाड़गंज की निवासी शबाना बेगम ने बताया कि उनके पति बशीर खा की शिकायत उनके द्वारा गुरुवार को बरखेड़ा थाने में की गई थी। जिसमे पति से सुलह कराने की मांग की थी। आरोप है कि इसके बाद रात को तीन गाड़ियों से पुलिस आई और पति को पकड़कर पीटा और अपने साथ ले गई।
महिला और बेटी को भी पीटा। रात को बरखेड़ा थाने गए तो पति बेसुध मिले। इसके बाद पुलिस ने भगा दिया। दूसरे दिन शुक्रवार सुबह जानकारी दी गई कि पति की मौत हो गई है। परिजन पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप लगा रहे है। जबकि पुलिस तबियत बिगड़ने के बाद मौत होने की बात कह रही है।
