अयोध्या मंदिर में 22 जनवरी को विराजेंगे भगवान श्रीराम : डिप्टी सीएम
केंद्रीय राज्यमंत्री के भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन में मूसानगर पहुंचे डिप्टी सीएम
मूसानगर/ कानपुर देहात, अमृत विचार। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के मूसानगर स्थित अच्युत ब्रम्हधाम अखंड परमधाम में चल रहे भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन के अंतिम दिन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कथा पांडाल पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले व्यास गद्दी को प्रणाम कर ब्रम्हलीन अच्युतानंद शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
बुधवार को संत सम्मेलन में पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लक्ष्य 2024 को साधते हुए कहा कि देश में अब राम राज्य आ गया है। क्योंकि राम मंदिर की तारीख तय हो गई है। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम जी अपने मंदिर में विराजमान होंगे। जिसका देशवासियों को लंबे समय से इंतजार था। आप सभी के सहयोग से हमने 2014 व 2017 के चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कराई है। अब 2024 में भी आपके आशीर्वाद की कामना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश की सरकार ने चौमुखी विकास की ओर अग्रसर किया है और गांव, गरीब व किसानों के लिए लगातार काम कर रही है। वह चाहे आवास योजना हो, किसान सम्मन निधि, आयुष्मान कार्ड, बिजली, पानी, महिलाओं के सशक्तिकरण बनाने की बात हो, सभी में सरकार खरी उतरी है। भ्रष्टाचार गुंडाराज से देश को मुक्ति मिली है। डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले कांग्रेस के मुखिया आज जब घोटाले में फंसते नजर आ रहे हैं तो बौखला गए हैं। कहते हैं कि सरकार ईडी का नाजायज उपयोग कर रही है। भाजपा सरकार ने परिवारवाद वंशवाद से हटकर काम किया है। यहां चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है। वहीं कश्मीर से धारा 370 हटाकर देश में एकता का भाव पैदा किया है। अब कश्मीर के हर घर में तिरंगा फहराया जा सकता है।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा, डीएम, आलोक सिंह, एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, पूर्व विधायक विनोद कटियार, श्याम सिंह सिसौदिया, राजेंद्र निषाद, कुलदीप निषाद चेयरमैन हमीरपुर, पवन निषाद, विजय सोनी, राजेंद्र अग्रवाल, अनिल गुप्ता, राजकुमार, एसडीएम राजकुमार चौधरी, सीओ रविकांत गौड़, तहसीलदार सुनील कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -''पनौती'' पर सियासी जंग जारी, अब ओपी राजभर ने राहुल गांधी पर बोला हमला, कहा- सबको पता है...!
