अयोध्यावासियों के लिए खुशखबरी, 30 दिसंबर को श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का होगा उद्घाटन, इस दिन से शुरू होगी कॉमर्शियल उड़ान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

30 को दिल्ली से आएगी उद्घाटन की पहली फ्लाइट, छह जनवरी से शुरू होगी कॉमर्शियल उड़ान, डीजीसीए से भी मिली अनुमति, हफ्ते में तीन दिन अहमदाबाद के लिए चलेगी फ्लाइट

अयोध्या, अमृत विचार। कृपया अपनी-अपनी सीट बेल्ट बांध लें। थोड़ी ही देर में हमारा विमान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने जा रहा है। यह पहली आवाज 30 दिसंबर को देश की राजधानी दिल्ली से अयोध्या आने वाली फ्लाइट में बैठे यात्रियों को आसमान में सुनाई पड़ेगी। इसके बाद छह जनवरी से नई दिल्ली के लिए कॉमर्शियल फ्लाइट शुरू हो जाएगी। 

हालांकि नियमित संचालन 10 जनवरी से ही होगा। टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। हफ्ते में तीन दिन गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के लिए भी अयोध्या एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन होगा। उड़ान शुरू होने के बाद देश-विदेश से अयोध्या आने वाले लोगों सहुलियत मिल जाएगी। 

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को प्रस्तावित है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत मंत्रिमंडल के कई मंत्रियों के पहुंचने की भी संभावना है। इसके साथ ही देश-विदेश से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके मद्देनजर रेल व सड़क मार्ग के साथ अब वायुमार्ग  का कार्य भी लगभग पूरा कर लिया गया है। 

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फ्लाइट के संचालन के लिए डीजीसीए से भी अनुमति मिल गई है। अब 30 दिसंबर को उद्घाटन के तौर पर नई दिल्ली से फ्लाइट उड़ान भरकर अयोध्या एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इंडिगो वेबसाइट के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट दिल्ली से सुबह दस बजे चलकर यहां 11 बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद यहां एयरपोर्ट से शाम को उसी दिन 4 बजे फ्लाइट टेकऑफ करेगी, जो कि नॉन स्टॉप सवा पांच बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। 

सवा एक बजे दिल्ली से आएगी फ्लाइट, 1:45 पर होगी रवाना 

अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से फ्लाइट का संचालन एक बड़ा तोहफा माना जा रहा है। 10 जनवरी से नियमित फ्लाइट का संचालन शुरू हो जाएगा। इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार सबसे पहले दिल्ली से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट अयोध्या एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 11:55 पर टेकऑफ करेगी और यहां दोपहर एक बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद एक बजकर 45 मिनट पर अयोध्या एयरपोर्ट से उड़ान भकर दोपहर में तीन बजे दिल्ली पहुंचेगी। 

अहमदाबाद पहुंचने में लगेंगे दो घंटे 10 मिनट 

अयोध्या एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए तीन दिन फ्लाइट आएगी और जाएगी। मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को फ्लाइट का संचालन होगा। इंडिगो की वेबसाइट के अनुसार सबसे अधिक फ्लाइट अहमदाबाद के लिए ही है। एक-एक दिन में तीन-तीन फ्लाइट का जिक्र है, जिसमें डायरेक्ट और कनेक्टिंग दोनों हैं। डायरेक्ट फ्लाइट लगभग 2 घंटे 10 मिनट का समय लेगी, जबकि कनेक्टिंग में आठ से 10 घंटे का सफर दिख रहा है। 

जानिए, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए कितना है किराया 

हवाई यात्रा का किराया घटता और बढ़ता रहता है, जिसे फ्लैक्सी बोलते हैं। यात्रियों के लिए एक बात यह भी जानने योग्य है कि तीन से चार महीने पहले की टिकट आप पहले करा लेंगे तो सस्ती पड़ेगी। अगर 10 से 15 दिन पहले या फिर तत्काल में कराएंगे तो टिकट के लिए आपको ठीक-ठाक पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। अभी 10 जनवरी का अयोध्या से दिल्ली का किराया 2824 व दिल्ली से अयोध्या का किराया 3450 रुपये प्रति यात्री पड़ रहा है, जबकि अहमदाबाद के लिए डायरेक्ट फ्लाइट का किराया चार हजार व अहमदाबाद से अयोध्या का किराया पांच हजार के करीब है। इंडिगो वेबसाइट के अनुसार कनेक्टिंग फ्लाइट का अयोध्या से अहमदाबाद का किराया सात हजार व अहमदाबाद से अयोध्या का किराया तकरीबन 9 हजार के करीब है। 

25 दिसंबर को पीएम के हाथों उद्घाटन संभावित

अयोध्या के मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होना संभावित है। बताया जा रहा है कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शासन-सत्ता में चल रहे इंतजाम इसकी तस्दीक करते हैं। प्रधानमंत्री के अयोध्या आगमन या फिर वर्चुअल उद्घाटन की भी कोई अधिकारी पुष्टि नहीं कर रहा है। 

राम मंदिर की तर्ज पर बना है एयरपोर्ट 

अयोध्या एयरपोर्ट की बिल्डिंग राम मंदिर की तर्ज पर बनाई गई है। मुख्य भवन राजस्थान के बंशी पहाड़पुर के पत्थरों से बनाया गया है। इसका निर्माण तीन फेस में किया जा रहा है। पहले फेस में घरेलू उड़ान की सुविधा होगी। 

पूरे देश के एयरपोर्ट से अयोध्या की कनेक्टिविटी होगी। यहां पर 500 यात्रियों के एक बार में आने और जाने की सुविधा होगी। 2200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रन-वे बनकर तैयार हो चुका है। फेज-वन के तहत ही रनवे सेफ्टी एरिया (रेसा) के मानक के तहत रनवे और कैंट वन लाइटिंग का काम किया गया है। इससे रात में और धुंध (फॉग) में भी विमानों की लैंडिंग आसानी से कराई जा सकेगी। 

दो साल के अंदर अयोध्या एयरपोर्ट बनकर तैयार हुआ है। 30 दिसंबर को उद्घाटन के लिए दिल्ली से फ्लाइट आएगी। इसके बाद छह जनवरी से कॉमर्शियल फ्लाइट शुरू हो जाएंगी। दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी..., 
नितीश कुमार, जिलाधिकारी।

ये भी पढ़ें -संसद सुरक्षा चूक : स्वामी प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर लिखा सन्देश - केवल संसद की गरिमा ...

संबंधित समाचार