लखीमपुर-खीरी: परिजनों ने अंतिम संस्कार रोका, घर में शव रख धरने पर बैठे
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली के गांव रघु नाथ पुरवा में शनिवार को हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और उनके मकान गिराने की मांग को लेकर परिवार वालो ने युवक के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और शव घर में रखकर धरने पर बैठ गए। कई घंटे तक पुलिस उनको समझने का प्रयास करती रही, लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने आरोपियों के ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया तब परिजन शांत हुए। इसके बाद परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
ग्राम पंचायत हसनापुर मजरा रघुनाथ पुरवा निवासी प्रधान सुनीता का परिवार के ही लोगों से जमीन को लेकर विवाद है। बुधवार को भी आरोपी पक्ष से विवाद हुआ था। इसके बाद से ही सुनीता का भाई विवेक (21) रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। शुक्रवार को उसका शव एक गन्ने के खेत में बरामद हुआ था।
परिवार वालों ने विपक्षियों पर हत्या का आरोप लगाए थे और पुलिस को तहरीर दी थी। पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिवार वालों को सौंप दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नही हो सकी है। डॉक्टरों ने बिसरा सुरक्षित किया है। उसके शरीर पर दो चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे और अंतिम संस्कार नहीं किया। वह शव लेकर घर में ही धरने पर बैठ गए। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
उनका कहना था कि आरोपियों के घर गिराए जाएं गिराए। इसके बाद ही वह शव का अंतिम संस्कार करेंगे। सूचना पर पुलिस में हड़कम्प मच गया। सूचना पर सीओ सिटी सुबोध जायसवाल, प्रभारी निरीक्षक सदर चंद्रशेखर सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों को समझा बुझाकर अंतिम संस्कार करवाने का प्रयास शुरू कर दिया। लेकिन परिजन नहीं माने। कई घंटे तक की मान मनौव्वल के बाद भी जब परिजन नहीं माने तो आखिर में पुलिस ने आरोपियों के दो ट्रैक्टर ट्राली अपने कब्जे में ले ली और परिजनों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। तब कहीं जाकर परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवेक की मौत का कारण साफ नहीं हो पाया है। डॉक्टर ने बिसरा सुरक्षित किया है। शरीर पर दो चोट पाई गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।-चंद्रशेखर सिंह, प्रभारी निरीक्षक सदर
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: धौरहरा में युवक की गला काटकर हत्या, बाग में फेंका शव
