लखनऊ : सफाई कर्मियों का सालों से नहीं बढ़ा वेतन, संविदा कर्मचारी संघ ने सीएम को लिखा पत्र

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में आउटसोर्सिंग के तौर पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों का बीते 3 साल से वेतन नहीं बढ़ा है। साथ ही इन कर्मचारियों को बोनस का लाभ भी नहीं मिल रहा है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान संविदा कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सफाई कर्मियों की समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है।
 
दरअसल, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में सफाई व्यवस्था के लिए साल 2020 में क्लीनिंग और सैनिटाइजेशन का अनुबंध किया गया था। जिसके तहत प्राइम क्लीनिंग सर्विसेज ने लगभग 400 सफाई कर्मचारी संस्थान में तैनात किए गए थे। वहीं सैकड़ों सफाई कर्मचारी वर्ष 2011 से कार्यरत है और वर्ष 2015 में अन्य कर्मचारियों के साथ इनको भी वेतन बढ़ोतरी का लाभ मिला था, लेकिन पिछले तीन वर्षों से सफाई कर्मियों को वेतन बढ़ोतरी तथा बोनस का लाभ नहीं मिल पाया । इसके साथ ही पिछले कई वर्षो से कार्यरत सफाई कर्मचारियों की सेवाओं की जिम्मेदारी भी संस्थान से खत्म हो गई । जबकि अन्य अनुबंधित सेवा प्रदाता फर्म की तरफ से तैनात कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी तथा बोनस का लाभ मिला। सफाई कर्मियों को वेतन बढ़ोतरी और बोनस संबंधित लाभ नहीं मिल पाने के पीछे की वजह सफाई कर्मियों की तैनाती के नियम हैं। 

डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान संविदा कर्मचारी संघ के महामंत्री सच्चितानंद मिश्रा ने बताया कि शासन की तरफ से वर्ष 2015 में सफाई कर्मचारियों के लगभग 120 पद (आउटसोर्सिंग )सृजित किए गए थे और 120 पद चिकित्सालय में पहले से ही सृजित थे। जबकि क्लीनिंग व सैनिटाइजेशन का टेंडर होने से उन पदों के सापेक्ष संस्थान में कर्मचारी तैनात नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कर्मचारियों के वेतन बढ़ोत्तरी की प्रक्रिया शासन में विचाराधीन है ऐसे में वेतन बढ़ोतरी का लाभ सफाई कर्मचारियों को भी मिलना आवश्यक है। इसी की वजह से  मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री व संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भेजकर मांग किया गया है कि संस्थान में अब क्लीनिंग एवं सैनिटाइजेशन का टेंडर ना किया जाए। सफाई कर्मचारियों को भी मानव आपूर्ति के अंतर्गत रखा जाए जिससे कर्मचारियों को वेतन बढ़ोतरी ,बोनस तथा अन्य कर्मचारियों की भांति सभी लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें : UP: भारत का समृद्ध ‘राज्य’ जो बन गया अपराधियों का ‘साम्राज्य’, विशुनगढ़ की वीरांगना रानी इंदुमती ने नहीं मानी थी अंग्रेजों के सामने हार

संबंधित समाचार