प्रयागराज में होली के दिन नशेड़ियों ने किया तंडाव, CRPF जवान की कार में लगाई आग, फूंकी गुमटियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के थरवई क्षेत्र में होली के दिन नशे में धुत युवकों ने बहमलपुर गांव में एक सीआरपीएफ जवान की कार में आग लगा दी और कुछ गुमटियों को भी फूंक दिया। पुलिस के अनुसार सीआरपीएफ जवान अजय कुमार गहलोत वर्तमान में श्रीनगर में तैनात हैं। उनकी पत्नी संयोगिता ने बताया कि पहले पूरा परिवार सीआरपीएफ परिसर में रहता था, लेकिन कुछ महीने पहले उन्होंने बहमलपुर में मकान बनवाकर वहीं शिफ्ट किया था।

संयोगिता के मुताबिक बुधवार देर रात करीब 12 बजे मोहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनकी कार में आग लगी हुई है। बाहर आकर देखा तो कार धू-धू कर जल रही थी। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आसपास के लोगों के अनुसार नशे में धुत सात से आठ युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि इन्हीं युवकों ने इलाके की कुछ गुमटियों में भी आग लगा दी थी। संयोगिता ने थरवई थाने में घटना की तहरीर दी है। हालांकि अभी तक उन्हें एफआईआर की प्रति नहीं मिली है। थरवई थाना प्रभारी संतोष कुमार पांडे ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जिसके कारण फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

संबंधित समाचार