बदायूं: काम शुरू न होने पर यूपी निर्माण निगम निदेशक को लिखा पत्र, कही ये बात
राजकीय मेडिकल कॉलेज में काम शुरू नहीं करने पर की शिकायत, चार खंडों में पूरा कराया जाएगा कार्य, बनेंगे कई वार्ड
बदायूं, अमृत विचार। तय समय पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में काम शुरू न होने पर मेडिकल प्रशासन ने यूपी निर्माण निगम निदेशक को फिर पत्र लिखा है। यूपी निर्माण निगम से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की गयी है। निर्माण निगम के निदेशक ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में जो बिल्डिंग बनायी गयीं हैं। उनमें से 40 प्रतिशत बिल्डिंग अर्ध निर्मित हैं, 60 प्रतिशत निर्माण पूरा होने पर ही मेडिकल कॉलेज में काम शुरू कर दिया गया। करीब दस साल मेडिकल चलने के बाद अब निर्माण पूरा न होने का मामला एक बार फिर समस्या का कारण बना। निर्माण पूरा न होने से राजकीय मेडिकल कालेज की मान्यता पर खतरा मंडराने लगा। शासन स्तर से कहा कि जब तक 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा नहीं होगा तब तक मेडिकल कॉलेज की मान्यता नहीं मिल सकती।
इस मामले को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. एनसी प्रजापति ने यूपी निर्माण निगम से बात की और बातचीत में तय हुआ कि जनवरी के पहले सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। लेकिन 10 जनवरी तक काम शुरू नहीं होने पर प्राचार्य ने यूपी निर्माण निगम निदेशक को फिर पत्र लिखा और निर्माण शुरू न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। प्राचार्य ने कहा कि जो बात हुयी थी उसके अनुसार जनवरी के प्रथम सप्ताह में चार खंडों पर काम शुरू होना था। जो अब तक नहीं हुआ है। इसलिए अब निर्माण निगम को काम शुरू कर देना चाहिए। यूपी निर्माण निगम के निदेशक ने आश्वासन दिया है कि मेडिकल कालेज में जल्द ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।
राजकीय मेडिकल कालेज में चार खंडों का निर्माण पहले कराया जाएगा। जिससे इन बिल्डिंग में अलग से वार्ड तैयार हो सकें और फिर करीब डेढ़ सौ वेड डाले जा सकें। इसके लिए निर्माण निगम के निदेशक को पत्र भी लिखा गया है। निदेशक ने आश्वासन दिया है कि मेडिकल कालेज में जिन खंडों के नाम दिए गए थे उनका निर्माण जल्द शुरू करा दिया जाएगा- डा. एनसी प्रजापति- प्राचार्य।
ये भी पढ़ें- बदायूं: अनुदान पर किसानों को मिलेंगे खरपतवार नाशक, जिले में 2.22 लाख हेक्टेयर में होती है गेहूं की फसल
