आईपीएल 2026 : आरसीबी ने चेन्नई को दिया 251 रनों का लक्ष्य, टिम डेविड और पडिक्कल ने खेली अर्धशतकीय पारी
बेंगलुरु। टिम डेविड (नाबाद 70), देवदत्त पडिक्कल (50) और कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 48) की विस्फोटक पारियों के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ तीन विकेट पर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
आज यहां चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी के लिए फिल सॉल्ट और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। पांचवें ओवर में अंशुल काम्बोज ने विराट कोहली को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा।
विराट कोहली ने 18 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 28 रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये देवदत्त पडिक्कल ने फिल सॉल्ट के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े। 11वें ओवर में शिवम दुबे ने फिल सॉल्ट को आउट कर आरसीबी को दूसरा झटका दिया। फिल सॉल्ट ने 30 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 46 रन बनाये।
15वें ओवर में जेमी ओवर्टन ने देवदत्त पडिक्कल को बोल्ड आउट किया। पड़िक्कल ने 29 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 50 रनों की पारी खेली। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टिम डेविड ने 25 गेंदों में तीन चौके और आठ छक्के लगाते हुए नाबाद 70 रनों की पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में एक चौका और छह छक्के उड़ाते हुए नाबाद 48 रन बनाये। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अंशुल काम्बोज, शिवम दुबे और जेमी ओवर्टन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया
