कासगंज: श्रीराम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन को लेकर सतर्कता, आईजी ने परखी व्यवस्था, शहर में किया पैदल मार्च

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

कासगंज, अमृत विचार : राम मंदिर में श्रीराम मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर जिले में सतर्कता बरती जा रही है। उल्लास के इस पर्व में कहीं कोई विवधान न हो इसको लेकर पुलिस के अधिकारी बेहद सतर्क हैं। आईजी शलथ माथुर शनिवार को कासगंज पहुंचे।

यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल मार्च किया और शांति व उत्साह के साथ पर्व मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन सुरक्षा में कहीं भी कोई चूक चाहता है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने अलीगढ़ से आईजी शलभ माथुर कासगंज आए। यहां उन्होंने एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीओ सिटी अजीत चौहान के साथ शहर के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

लोगों से बातचीत कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। कहा कि भगवान श्रीराम का उत्सव उल्लास के साथ मनाएं। आपसी सौहार्द का परिचय दें। कहीं भी किसी हाल में शांति व्यवस्था भंग न हो इसका हम सबको विशेष ध्यान रखना है। भाई-चारे की मिसाल पेश करनी है। 22 जनवरी के उल्लास के बाद 26 जनवरी पर्व है। हमें यह पर्व भी उत्साह के साथ मनाना है। कहीं भी किसी भी प्रकार की अराजकता न होने पाए।

उन्होंने लोगों को भरोसा दिया कि पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है, लेकिन वह भी सहयोग करें। आईजी ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि चप्पे चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहने चाहिए। अभी से ड्यूटी निर्धारित कर दी जाए। संबंधित पुलिस कर्मी तैनाती स्थल पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहें। 

कहीं कोई दिक्कत तो नहीं है : आईजी ने फ्लैग मार्च के दौरान लोगों से पूछा कि कहीं किसी प्रकार कोई दिक्कत तो नहीं है। इस दौरान लोगों का जवाब मिला कि शांति के साथ उल्लास मना रहे हैं। कहीं कोई समस्या नहीं है। 

यातायात प्लान की ली जानकारी : आईजी शलभ माथुर ने यातायात प्लान की भी जानकारी ली। शहर में शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी।इस दौरान यातायात व्यवस्था क्या रहेगी, कौनसे रूट डायवर्ट किए जाएंगे इसको लेकर भी अधीनस्थों के साथ चर्चा की।

ये भी पढ़ें - कासगंज: सर्दी के मौसम में रोगों से घिरी आलू-सरसों की फसल, ऐसे करें बचाव...

संबंधित समाचार