जगजीवन बाबू निधन : सपा संस्थापक के बेहद खास रहे धनेठी गांव वाले जगजीवन प्रसाद 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

मिल्कीपुर/ अयोध्या, अमृत विचार। सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी और लंबे समय तक उनके निजी सचिव रहे जगजीवन प्रसाद मिल्कीपुर के धनेठी गांव के मूल निवासी थे। अपने संघर्ष और समर्पण की बदौलत उन्होंने समाजवादी पार्टी में मुकाम हासिल कर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ओएसडी के दायित्वों का भी निर्वहन किया। उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव में शोक छा गया है। 
  
मिल्कीपुर तहसील के ग्राम सराय धनेठी पूरे पाण्डेय में जन्मे जगजीवन प्रसाद गुप्ता दस संतानों के पिता हैं। जगजीवन बाबू आजीवन मुलायम परिवार के खासमखास रहे। इनका जन्म पांच जून 1955 को हुआ था। जगजीवन की इंटर तक की पढ़ाई लिखाई गांव में ही हुई थी। उसके बाद उन्होंने स्नातक और परास्नातक की परीक्षा पास की। इसके साथ ही उन्होंने विधि स्नातक की भी डिग्री ली थी। जगजीवन के सात बेटियां बड़ी बेटी किरण, फिर सुमन, रेनू, चंद्रकांता, सौम्या, प्रियंका और सबसे छोटी बेटी अंशु है। इनके तीन बेटे भी हैं। जिनमें कृष्ण मुरारी सबसे बड़े और श्याम मुरारी मंझले तथा मोहन मुरारी छोटे पुत्र हैं। शुक्रवार को उनका लखनऊ गोमती नदी के भैंसाकुंड घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े बेटे कृष्ण मुरारी ने उन्हें मुखाग्नि दी। 

समाजवादी पार्टी की स्थापना से पूर्व जनता दल के जमाने से ही जगजीवन प्रसाद मुलायम सिंह यादव के खास सिपहसालारों में से एक थे। जब प्रदेश में मुलायम सिंह की सरकार बनी तो जगजीवन उनके निजी सचिव बने। मुलायम सिंह ने इन्हें वर्ष 2016 में विधान परिषद सदस्य बनाया। गांव में राजकुमारी महिला महाविद्यालय की स्थापना 20 साल पहले करवाई थी। धनेठी पूरे पांडे में उन्हें श्रद्धांजलि देने वाले पहुंच रहे हैं। गांव के पूर्व प्रधान चंद्रेश सिंह ने बताया कि गांव में उनके सभी लोगों से बड़ा मिलनसार व्यवहार रहता था।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहली राजधानी, एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, दो घायल, देखें Video

संबंधित समाचार