शाहजहांपुर : संदिग्ध हालात में महिला की मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

शरीर पर मिले चोट के निशान, ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप

शाहजहांपुर, अमृत विचार। रोजा थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने जुटाए हैं। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम पर टिक गई हैं क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही महिला की मौत का राज बाहर आ सकता है। महिला की मौत वास्तव में हत्या थी या कुछ और यह पता लगाने में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम कड़ी मानी जा रही है।

रोजा क्षेत्र के गांव उदियापुर निवासी बागेश शुक्ला की शादी सात माह पूर्व शिखा शुक्ला निवासी इतरा थाना पिहानी जिला हरदोई से हुई थी। बताया गया कि गुरुवार रात शिखा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पति उसे एक निजी डॉक्टर के पास ले गया, जहां शिखा को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पति शिखा का शव लेकर घर पहुंचा और देर रात मायके पक्ष को उसकी मौत की सूचना दी।

सूचना मिलते ही मृतका के पिता आलोक द्विवेदी परिवार के साथ उदियापुर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिखा का शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा था। इसकी जानकारी उन्होंने थाना रोजा को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की। मृतका के शरीर पर हल्के चोट के निशान मिले। शिखा के पिता ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल पक्ष उस पर अत्याचार करते थे। उनका कहना है कि पति बागेश उस पर एक रिश्तेदार के साथ संबंध होने का आरोप लगाकर मारपीट करता था। पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतका के परिजन और पुलिस का कहना है कि कहीं शक के चलते ही तो शिखा की हत्या नहीं की गई। अचानक तबीयत बिगड़ने का बहाना तो नहीं किया जा रहा है। शिखा को अगर कोई गंभीर बीमारी थी तो उसका इलाज क्यों नहीं कराया गया। इसकी सूचना पहले ही मायके पक्ष के लोगों को क्यों नहीं दी गई। जब उसकी मौत हो गई तब उसकी तबीयत खराब होने की बात बताई गई है। इससे साफ जाहिर है कि कुछ न कुछ गड़बड़ हुई है।

मायके पक्ष की ओर से तहरीर मिल चुकी है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण सामने आएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट का इंतजार है। - राजीव कुमार, प्रभारी निरीक्षक।

संबंधित समाचार