जयंत चौधरी ने की भाजपा के साथ जाने की पुष्टि, चुनाव मिलकर लड़ने पर बनी सहमति

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष और राज्य सभा सदस्य जयंत चौधरी ने अगला आम चुनाव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ मिल कर लड़ने की अपनी योजना स्पष्ट की। उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में इस बारे में भाजपा के साथ सहमति की पुष्टि की।

उन्होंने अगले चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा, “क्या अब भी कोई कसर रहती है ? आज मैं किसा मुंह से आपके सवालों को इनकार करूं।” उन्होंने भाजपा के साथ मिल कर चुनाव लड़ने की पुष्टि ऐसे दिन की जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके बाबा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को मरणोपरांत “भारत रत्न” दिए जाने के निर्णय की घोषणा की। चौधरी ने इसका स्वागत किया और इस पर खुशी जाहिर की।

उन्होंने किसान नेता दिवंगत चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने को मजदूरों, किसानों और शोषित वर्ग के लोगों का सम्मान बताया है। उल्लेखनीय है कि रालोद ने इससे पहले 2009 में भाजपा के साथ मिल कर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ा था। उस समय उन्हें पांच सीटें मिलीं थी, लेकिन 2014 और 2019 का चुनाव भाजपा के विरुद्ध लड़ा था और वह बागपत की अपनी परम्परागत सीट भी नहीं बचा पाए थे।

पिछले आम चुनाव में जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के साथ मिल कर उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर चुनाव लड़ा था। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि राजग में उन्हें इस बार कम से कम दो सीटें मिल सकती हैं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को वाराणसी में संवाददाताओं के साथ बातचीत में एक तरह से मान लिया था कि जयंत चौधरी इस बार भाजपा के साथ जा रहे हैं। उन्होंने इस बारे में पूछे जाने पर कहा था, “मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ।” उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा दलों को तोड़ना और बेइमानी करना जानती है।

ये भी पढ़ें - 'मेरी हिंदी भी एंटरटेनिंग है, थोड़ा सुनिए', लोकसभा में कांग्रेस पर सीतारमण का कटाक्ष

संबंधित समाचार