Kanpur: केंद्र में सरकार बनने पर अग्निवीरों को किया जाएगा स्थायी- कांग्रेस...21 फरवरी को शहर आएगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा...
कानपुर, अमृत विचार। केंद्र में सरकार बनने पर कांग्रेस का पहला काम चार साल के कांट्रेक्ट में सेना में भर्ती हुए जवानों को स्थायी करना होगा। तिलक हाल मुख्यालय में जय जवान अन्याय के विरुद्ध न्याय का युद्ध पोस्टर जारी कर एनएसयूआई पदाधिकारियों ने यह बात कही। अग्निवीर योजना को छलावा बताते हुए कॉलेज, कोचिंग व अन्य स्थानों पर अभियान चला कर युवाओं को जागरुक करने को कहा।
तिलक हाल में रविवार को एनएसयूआई के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर अभिनव कुमार की ओर से पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जय जवान अन्याय के विरुद्ध न्याय का युद्ध का पोस्टर जारी किया गया। पोस्टर जारी करते हुए अभिनव कुमार ने बताया कि 2019 से 2022 के मध्य सेना में चयनित डेढ़ लाख युवाओं को अग्निवीर योजना में समाहित किया गया, जो कि सरासर गलत है।
केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सबसे पहले अग्निवीर योजना को निरस्त कर जवानों की स्थायी बहाली की जाएगी। प्रदेश महासचिव अंशुल यादव ने कहा कि युवाओं को जागरुक करने के लिए कॉलेज, कोचिंग, स्पोर्ट्स एकेडमी, रोजगार कार्यालय के बाहर हस्ताक्षर अभियान चला कर अंधकारी योजना को लेकर जागरूक किया जाएगा। अग्निवीर योजना के विरुद्ध सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक कॉलेज में इस योजना का विरोध करने के लिए न्याय योद्धा ग्रुप तैयार किए जाएंगे।
21 फरवरी को शहर आ रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बारे में कांग्रेस जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने बताया कि यात्रा झाड़ी बाबा पुल, एक्सप्रेस रोड होते हुए घंटाघर पहुंचेगी। भारत माता प्रतिमा पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनसमूह को संबोधित करेंगे। इसके बाद कोपरगंज, झकरकटी पुल, जीटी रोड, जरीब चौकी, फजलगंज, विजय नगर होते हुए यात्रा कानपुर देहात को रवाना होगी।
